दिल्ली-NCR में भारी बारिश के बीच इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भरा पानी,यात्री परेशान

Heavy rain in Delhi-NCR नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में शुक्रवार, 4 सितंबर की दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने एक बार फिर जलभराव की समस्या को उजागर कर दिया. मूसलाधार बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI Airport) के कुछ हिस्सों के बाहर भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

सुबह से ही दिल्ली-NCR में आसमान पर काले बादल छाए हुए थे. दोपहर बाद अचानक बारिश तेज हो गई. बारिश के कारण एयरपोर्ट के आसपास आवाजाही प्रभावित हुई और यात्रियों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। जलभराव की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं.

Heavy rain in Delhi-NCR:दिल्ली में कई जगह जलभराव

बारिश के बाद दिल्ली के सुब्रतो पार्क के आसपास जलभराव की स्थिति पैदा हो गई. वहीं नर्मदा अपार्टमेंट इलाके में भी सड़क पर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. कई जगह पानी का स्तर बढ़ने के कारण लोगों को पैदल सड़क पार करने में भी मुश्किल हो रही है .

जैसे-जैसे बारिश तेज हुई, राजधानी के कई इलाकों में ट्रैफिक की रफ्तार भी धीमी पड़ती दिखाई दी. जलभराव के कारण वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी.

गुरुग्राम में भी बारिश ने बढ़ाई परेशानी

दिल्ली से सटे गुरुग्राम में भी शुक्रवार को जमकर बारिश हुई. सुबह से छाए काले बादलों के बाद बारिश शुरू होते ही निचले इलाकों में पानी भर गया. कई सड़कों पर जलभराव और गड्ढों के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं.

जलभराव को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं. इससे पहले जिला प्रशासन की बैठकों में बारिश के दौरान जलभराव रोकने को लेकर तैयारियों और इंतजामों का दावा किया गया था, लेकिन बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भरने से स्थिति अलग नजर आई.

IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार और शनिवार को आसमान में सामान्य तौर पर बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है.

मौसम विभाग के अलर्ट के बाद लोगों को बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और जलभराव वाले रास्तों पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

गुरुवार को भी हुई थी बारिश

इससे एक दिन पहले गुरुवार, 3 सितंबर को भी दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई थी. राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था.

सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में आयानगर में 3.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी. इसके बाद पालम में 3.1 मिलीमीटर और लोधी रोड में 0.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं सफदरजंग और रिज में इस अवधि में बारिश दर्ज नहीं हुई थी.

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार और शनिवार को दिल्ली-NCR में बारिश का दौर जारी रह सकता है. ऐसे में राजधानी और आसपास के इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक से जुड़ी परेशानियां और बढ़ सकती हैं.

Latest news

Related news