दरभंगा
बिहार ब्यूरो
बिहार में अपराध का ग्राफ लगतार बढ़ रहा है. बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर अपना उपस्थिति दर्ज करवाते हुए दरभंगा के एक निजी विद्यालय के संचालक से एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की है. रंगदारी नहीं देने पर अपराधियो ने दो दिन के अंदर अंजाम बुरा होने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी है. धमकी मिलने के बाद डरे सहमे विद्यालय के संचालक ने दरभंगा पुलिस से अपनी जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है.
अपराधियों ने बहादुरपुर थाना क्षेत्र के तारालाही स्थित ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल के संचालक ने रंगदारी की मांग की है. विद्यालय के संचालक अभिनाश शाह ने बताया कि’ 5 नवंबर को एक अंजान व्यक्ति स्कूल में एक लिफाफा दे गया था. लिफाफे में रंगदारी की मांग वाला पत्र था. जिसपर हमलोगों ने ध्यान नहीं दिया, फिर 18 नवंबर को दो बार अनजान नंबर से रंगदारी का फोन आया और कहा जिस इलाके में स्कूल है. वह इलाका हमारा है.अगर दो दिन के अंदर एक लाख रुपया नहीं दिया गया तो, गोली मार दिया जायेगा.’
सदर डीएसपी अमित कुमार भी मामले की पुष्टि की है. डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि बहादुरपुर थाना क्षेत्र के तारालाही स्थित स्कूल संचालक से रंगदारी की मांग की गई है. स्कूल के प्राचार्य मधु कुमारी के द्वारा लिखित आवेदन के बाद मामला दर्ज कर करवाई की जा रही है. पुलिस अब सीसीटीवी से मिले फुटेज के आधार पर अपराधी की पहचान करने में जुटी है. इस मामले में दो मोबाइल फ़ोन का इस्तेमाल किया गया है. पुलिस अब उन मोबाइल फोन को ढ़ूढ़ने के लिए टेक्निकल टीम का सहारा ले रही है.

