Dhanteras Road Jaam : देश में दिवाली की धूम है और लोग त्योहार के मौसम में जमकर खरीददारी कर रहे हैं. खास कर दिल्ली और आस-पास के इलाकों में सड़कों और बाजारों में भारी भीड़ और जाम दिखाई दे रहा है. दिल्ली से सटे नोयडा, गुरुग्राम , फरीदाबाद आगरा की तरफ जाने वाली सभी सड़कों पर इस समय लंबे लंबे जाम देखे जा रहे हैं.
Hours of delay at Jaypee Toll Plaza for vehicles heading towards Agra amid the festive rush. Requesting Hon’ble Minister @NHAI_Official and Prime Minister to kindly address this issue and ease travel for citizens during this auspicious festival season. @nitin_gadkari @PMOIndia 🇮🇳 pic.twitter.com/P4hIgYqL9P
— Astik Mani Tripathi (@Aastiktripathi) October 18, 2025
आलम ये है कि आगरा दिल्ली एक्सप्रेस वे , दिल्ली – यमुना एक्सप्रेसवे जैसी सड़कों के टोल प्लाजा पर एक-एक किलोमीटर से भी ज्यादा का जाम लग रहा है. आज धनतेरस के कारण लोग देर रात तक खरीददारी करते नजर आयेंगे, ऐसे मे सड़कों पर भीड़ देर रात तक बनी रहने की संभावना है.
ट्रेनों में भीड़ के कारण बुरा हाल
ट्रेनों की बात करें तो दिल्ली से पूर्व की तरफ जाने वाली ट्रेनों का भीड़ के कारण बुरा हाल है. जनरल कोच में तो लोग भेड़-बकरियों की तरह सफर कर ही रहे हैं, यहां तक कि रिजर्वेशन करके जाने वाले लोगों की भी हालत खराब है. अधिक भीड़ के कारण लोगों का बाथरुम तक जाना भी दूभर हो रहा है.
सोमवार को दिवाली के कारण मिली लंबी छुट्टी
इस बार दीपावली का त्योहार सोमवार को है. ज्यादातर संस्थानों में शनिवार और रविवार को भी साप्ताहिक अवकाश रहता है. यही कारण है कि जो लोग अपने घर परिवार से दूर रहकर दिल्ली -एनसीआर में नौकरी करने आते हैं, उनमें से ज्यादातर लोग शुक्रवार की रात और शनिवार की सुबह अपने अपने घरों के लिए निकले हैं. यही कारण है कि ट्रेन से लेकर एक्सप्रेस-वे तक पर सड़के भरी हैं. टोल प्लाजों पर भीषण जाम लग रहे हैं.
दिल्ली के प्रसिद्ध बाजारों में उमड़ा लोगों का हूजूम
दिल्ली के कई बाजार क्वालिटी सामानों के लिए मशहूर है. चांदनी चौक,सदर बाजार,लाजपत नगर,सरोजनी नगर,गांधी मार्केट,लक्ष्मी नगर जैसे मार्केट में लोग थोक खरीददारी के लिए जाते हैं.हलांकि बीते पूरे सप्ताह में ही बाजारों में भीड़ रही लेकिन शनिवार को तो सुबह से ही इन बाजारों में जबर्दस्त भीड़ उमड़ रही है.

यहां तक की भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने बाकायदा अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया है. किसी अनहोनी की आशंका से बचने के लिए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रखी गई है वहीं लोगों के व्यवस्थित रखने के लिए पुलिस प्रशासन की तरफ से लगातार अनाउंसमेंट तक की जा रही है, और सुरक्षा संबंधी निर्देश बताए जा रहे हैं.

