CM Yogi Super Sunday : उत्तर प्रदेश के सीएम योगी रविवार को एक ही दिन में 6 जगहों पर रैलियां और जनसभाओं करेंगे. इस चुनाव में योगी आदित्यनाथ यूपी के संभवतः पहले ऐसे नेता होंगे, जो एक ही दिन में छह-छह रैलियों को संबोधित करेंगे.
प्रचार में रविवार को उप्र के मुख्यमंत्री का होगा 50वां दिन
तीन सीटों पर नए प्रत्याशी, दो पर सांसदों को टिकट
भोजपुरी फिल्मों के सुपरहिट अभिनेता व सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ भी हैं मैदान में
2019 में लालगंज सीट पर भाजपा को हुआ था नुकसान, इस बार यहां भी कमल खिलाने योगी करेंगे प्रचार
इन छह लोकसभा सीटों पर तीन नए प्रत्याशियों को भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव मैदान में उतारा है. दो सीटों पर सांसदों को टिकट दिया गया है, जबकि 2019 चुनाव में एक सीट पर हारी भाजपा इस बार कमल खिलाने की तैयारी में है. लोकसभा चुनाव में रविवार को 50वां दिन होगा जब लगतार सीएम योगी एनडीए प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में उतरेंगे.
CM Yogi Super Sunday : आजमगढ़ में पहली और इलाहाबाद में करेंगे आखिरी जनसभा
सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को छह रैली करेंगे. उनकी पहली रैली आजमगढ़ से सांसद, लोकसभा प्रत्याशी व भोजपुरी के सुपरहिट अभिनेता/गायक दिनेश लाल यादव निरहुआ के लिए होगी तो दूसरी जनसभा सीएम योगी लालगंज से भाजपा उम्मीदवार नीलम सोनकर के लिए करेंगे. 2019 में यह सीट बसपा ने जीती थी, लेकिन इस बार कमल खिलाने के लिए 16 मई को पीएम नरेंद्र मोदी संग योगी आदित्यनाथ ने यहां रैली की थी. वे रविवार को फिर लालगंज में रहेंगे. इसके अलावा जौनपुर से कृपाशंकर सिंह के लिए भी जनसभा कर रविवार को सीएम वोट मांगेंगे.
इलाहाबाद और फूलपुर भी जाएंगे सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को ही इलाहाबाद व फूलपुर संसदीय सीट पर चुनाव प्रचार करेंगे. दोनों ही सीटों पर पार्टी की ओर से नए प्रत्याशियों पर दांव लगाया गया है. इलाहाबाद से नीरज त्रिपाठी और फूलपुर से विधायक प्रवीण पटेल लोकसभा चुनाव में मैदान में हैं. वहीं प्रतापगढ़ से भाजपा सांसद और प्रत्याशी संगम लाल गुप्ता के लिए भी योगी आदित्यनाथ चुनाव प्रचार करेंगे. रविवार को सीएम की आखिरी रैली इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र में होगी.

