मायावती आईं लेकिन…CM योगी ने की बसपा चीफ की तारीफ, अखिलेश यादव पर साधा तंज

CM Yogi Mayawati लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बसपा प्रमुख मायावती की तारीफ की, वहीं समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं पर जमकर निशाना साधा. मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्रियों के निधन जैसे अवसरों पर संवेदना और श्रद्धांजलि देना सामान्य शिष्टाचार का हिस्सा है.

CM Yogi Mayawati:मायावती ने कल्याण सिंह को दी श्रद्धांजलि, योगी ने की तारीफ

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले करीब नौ वर्षों के दौरान प्रदेश में तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के निधन के बाद आयोजित कार्यक्रमों में वह शामिल हुए हैं. उन्होंने बताया कि ये तीनों पूर्व मुख्यमंत्री अलग-अलग राजनीतिक दलों से जुड़े रहे.

कल्याण सिंह को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके निधन की खबर उनके लिए बेहद पीड़ादायक थी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने सभी कार्यक्रम छोड़कर लखनऊ आए थे. मुख्यमंत्री के मुताबिक, वह स्वयं और उनकी पूरी कैबिनेट भी बाबूजी के अंतिम संस्कार में मौजूद रही थी.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती सामान्य शिष्टाचार के तहत कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंची थीं. उन्होंने मायावती के इस व्यवहार का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा.

‘मायावती आईं, लेकिन सपा ने संवेदना तक नहीं जताई’

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मायावती ने आकर बाबूजी को श्रद्धांजलि दी, लेकिन समाजवादी पार्टी के नेताओं ने प्रत्यक्ष रूप से पहुंचकर श्रद्धांजलि देने की बजाय शब्दों के जरिए भी संवेदना व्यक्त नहीं की.

उन्होंने इसे शर्मनाक बताते हुए सवाल किया कि इससे बड़ा अपमान और क्या हो सकता है. योगी ने कहा कि कल्याण सिंह का सार्वजनिक जीवन और योगदान किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं था, इसलिए उनके निधन पर संवेदना व्यक्त करना राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर मानवीय और सामाजिक जिम्मेदारी थी.

अखिलेश यादव पर योगी का ‘P’ वाला तंज

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले लोग परिभाषाएं भी बदलते रहते हैं.

योगी ने तंज कसते हुए कहा कि पहले ‘P’ की परिभाषा पिछड़ा से की गई, फिर पंडित से की गई और एक दिन यही लोग ‘P’ की परिभाषा पाकिस्तान से भी कर देंगे.

मुख्यमंत्री का यह बयान सपा की राजनीति और उसके सामाजिक समीकरणों पर सीधा हमला माना जा रहा है. उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए शब्दों और परिभाषाओं का इस्तेमाल लगातार बदला जा रहा है.

यह बाबूजी ही नहीं, जातीय और सनातन हिंदुओं का अपमान’

सीएम योगी ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि नहीं देने के मुद्दे को केवल एक व्यक्ति के सम्मान से जोड़कर नहीं देखा. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ बाबूजी का अपमान नहीं था, बल्कि जातीय अपमान था.

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कल्याण सिंह के साथ किया गया यह व्यवहार हर सनातन हिंदू का अपमान था. उन्होंने कहा कि बाबूजी का सार्वजनिक जीवन और उनके विचार समाज के एक बड़े वर्ग के लिए महत्वपूर्ण रहे हैं.

कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर सियासी संदेश

कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान को उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. एक तरफ उन्होंने मायावती द्वारा श्रद्धांजलि दिए जाने को सामान्य शिष्टाचार के उदाहरण के तौर पर पेश किया, वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी पर संवेदना नहीं जताने का आरोप लगाते हुए हमला बोला.

सीएम योगी के इस बयान से यूपी की सियासत में एक बार फिर भाजपा, सपा और बसपा के बीच राजनीतिक दूरी और सामाजिक समीकरणों की चर्चा तेज हो सकती है.

Latest news

Related news