CM योगी के तीन जिलों का दौरा आज,शामली-बिजनौर-गाजियाबाद को 2500 करोड़ के विकास परियोजनाओं की मिलेगी सौगात

CM Yogi Adityanath लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को शामली, बिजनौर और गाजियाबाद के दौरे पर हैं. इस दौरान वे करीब 2,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. मुख्यमंत्री एक ही दिन में सात विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को विकास योजनाओं की सौगात देंगे. साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी करेंगे.

CM Yogi Adityanath :शामली में 581 करोड़ की 89 परियोजनाओं का शुभारंभ

मुख्यमंत्री योगी सबसे पहले शामली पहुंचें हैं. शामली, कैराना और थानाभवन विधानसभा क्षेत्रों के लिए 581 करोड़ रुपये से अधिक की 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इनमें कैराना में राज्य कर विभाग का कार्यालय, कंडेला में पशु चिकित्सालय और थानाभवन में राजकीय महिला आईटीआई जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं.

बिजनौर में 1003 करोड़ की 76 परियोजनाओं की सौगात

इसके बाद मुख्यमंत्री बिजनौर पहुंचेंगे, जहां बिजनौर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1,003 करोड़ रुपये से अधिक की 76 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इस दौरान महात्मा विदुर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, राजकीय नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास का लोकार्पण होगा. साथ ही रामबाग रोड पर कल्याण मंडपम और विदुर कुटी के समेकित पर्यटन विकास कार्य समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी.

गाजियाबाद में 868 करोड़ की 90 परियोजनाएं

शाम को मुख्यमंत्री गाजियाबाद पहुंचेंगे, जहां मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 868 करोड़ रुपये से अधिक की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इस दौरान वे पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे.

इसके अलावा 47वीं वाहिनी पीएसी में नई बैरकों, विभिन्न पेयजल योजनाओं, थाना बापूधाम के प्रशासनिक भवन और पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी.

कांवड़ यात्रा की तैयारियों की करेंगे समीक्षा

गाजियाबाद प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक भी करेंगे. बैठक में शासन, प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा होगी. मुख्यमंत्री अधिकारियों को यात्रा के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे.

Latest news

Related news