Friday, June 26, 2026
Home Breaking News 200 यूनिट फ्री बिजली…CM बनते ही विजय ने पूरे किए 3 वादे,...

200 यूनिट फ्री बिजली…CM बनते ही विजय ने पूरे किए 3 वादे, अभी तो ये शुरुआत है …

0
1307

CM Vijay Promise Fulfilled : तमिलनाडु में ‘विजय-राज’ की औपचारिक शुरुआत हो गई है. रविवार को टीवीके (TVK) चीफ थलपति विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और पद संभालते ही एक्शन मोड में नजर आए. साउथ सिनेमा के सुपरस्टार से राजनेता बने विजय ने मुख्यमंत्री बनते ही अपनी कलम से जनता के लिए सौगातों की बौछार कर दी है.

CM Vijay Promise Fulfilled:शपथ लेते ही 3 बड़े आदेशों पर किया हस्ताक्षर

चेन्नई के नेहरू इंडोर स्टेडियम में भव्य शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री विजय सीधे सचिवालय पहुंचे. वहां उन्होंने सबसे पहले तीन महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर किए. इनमें सबसे प्रमुख घरेलू उपभोक्ताओं के लिए हर महीने 200 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा शामिल है. इस फैसले से राज्य के करोड़ों परिवारों को सीधे तौर पर आर्थिक राहत मिलेगी.

ड्रग्स के खिलाफ जंग और महिला सुरक्षा पर जोर

फ्री बिजली के अलावा, सीएम विजय ने राज्य में कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए दो और बड़े आदेश दिए:

  1. एंटी ड्रग यूनिट: हर जिले में विशेष एंटी-ड्रग यूनिट का गठन किया जाएगा ताकि युवाओं को नशे के जाल से बचाया जा सके.

  2. महिला सुरक्षा बल: महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक समर्पित ‘महिला सुरक्षा बल’ के गठन को मंजूरी दी गई है.

खाली खजाना और कर्ज की चुनौती

जहां एक तरफ जनता में खुशी की लहर है, वहीं मुख्यमंत्री ने राज्य की आर्थिक स्थिति पर चिंता भी जताई. विजय ने कहा कि पिछली सरकार राज्य पर भारी कर्ज का बोझ छोड़ गई है और सरकारी खजाना लगभग खाली है. आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि इन चुनावी वादों को पूरा करने से सरकारी खजाने पर 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है. हालांकि, सीएम ने स्पष्ट किया कि बुनियादी सुविधाओं (शिक्षा, सड़क, पानी) से समझौता नहीं होगा.

अभी बाकी हैं कई बड़े वादे …

मुख्यमंत्री विजय ने अभी केवल तीन वादे पूरे किए हैं, लेकिन उनके घोषणापत्र में और भी कई बड़े लुभावने वादे शामिल हैं:

  • महिलाओं को मदद: 1.57 करोड़ महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता.

  • किसानों को आय: 79.4 लाख किसानों को सालाना 15,000 रुपये का इनकम सपोर्ट.

  • मुफ्त गैस सिलेंडर: हर परिवार को साल में 6 एलपीजी सिलेंडर मुफ्त.

  • युवाओं को वजीफा: ग्रेजुएट युवाओं के लिए 10,000 रुपये प्रति माह की इंटर्नशिप छात्रवृत्ति.

बजट पर पड़ेगा भारी असर?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, तमिलनाडु का राजस्व वर्ष 2025-26 के लिए ₹3.31 लाख करोड़ अनुमानित है. टीवीके (TVK) द्वारा प्रस्तावित कल्याणकारी योजनाओं पर कुल बजट का लगभग 29.8% खर्च होने का अनुमान है. यह पिछली सरकार के खर्च (19.7%) से काफी अधिक है. अब देखना यह होगा कि सीएम विजय लोक-लुभावन वादों और राज्य की अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन कैसे बनाते हैं.