Film Hanuman Ansh देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। यह फिल्म प्रसिद्ध संत और आध्यात्मिक विभूति नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी भक्ति, सेवा भावना और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित है। फिल्म देखने के दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Film Hanuman Ansh:नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत: सीएम धामी
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदियों से समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा की ईश्वर के प्रति अटूट भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी बेहद प्रासंगिक है। उनके जीवन से समाज को सेवा, विनम्रता और लोककल्याण की प्रेरणा मिलती है.

कैंची धाम बना आस्था का वैश्विक केंद्र
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। नीम करौली बाबा से जुड़ा कैंची धाम आज देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और विश्वास का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि संतों के जीवन, विचारों और उनके संदेश को रचनात्मक माध्यमों से नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से युवाओं को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
‘हनुमान अंश’ में भक्ति, सेवा और मानव कल्याण का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ भारत की समृद्ध संत परंपरा और आध्यात्मिक विरासत को केंद्र में रखती है। फिल्म के जरिए नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा तथा उनके जीवन से जुड़े प्रमुख मूल्यों को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
फिल्म में भक्ति, मानव सेवा, करुणा, प्रेम, विनम्रता और लोककल्याण जैसे संदेशों को प्रमुखता दी गई है। मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माताओं और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक एवं प्रेरणादायी फिल्मों से समाज में मानवीय मूल्यों और सेवा भावना के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई फिल्म
उल्लेखनीय है कि ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। यह हिंदी फिल्म 7 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक विरासत और उनके सेवा संदेश को बड़े पर्दे के माध्यम से दर्शकों तक पहुंचाने वाली इस फिल्म को उत्तराखंड में भी विशेष आध्यात्मिक संदर्भ में देखा जा रहा है।

