Tuesday, March 10, 2026

Jharkhand BJP Rally: रांची की रैली में बवाल, पुलिस ने चलाए आंसू गैस के गोले और वॉटर कैनन, बाबू लाल मरांडी बोले- ये सरकार की गुंडागर्दी है

Jharkhand BJP Rally: रांची में बीजेपी की युवा जन आक्रोश रैली पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले और वॉटर केनन का इस्तेमाल किया. शुक्रवार को प्रदेशभर से बीजेपी कार्यकर्ता रांची के मोरबादी मैदान में जमा हुए थे. बीजेपी के भारतीय जनता युवा मोर्चा ने युवाओं के हक़ और रोज़गार की लड़ाई के लिए रांची मार्च का आह्वान किया था. पुलिस ने विरोध प्रदर्शन कर रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया. बीजेपी का कहना है कि पुलिस की इस कार्रवाई में कई युवा घायल हुए हैं.

Jharkhand BJP Rally: ये सरकार मुश्किल से 100 दिन चलेगी-बाबू लाल मरांडी

पुलिस की कार्रवाई से नाराज़ झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा, “ये सरकार की गुंडागर्दी है, ये कल से चल रही है. उन्होंने लोगों को यहां आने से रोकने की पूरी कोशिश की लेकिन इसके बावजूद पूरे झारखंड से कई युवा यहां आए. हम भाषण दे रहे थे, तभी हमने देखा कि मैदान में आंसू गैस के गोले दागे गए, ऐसा पहली बार हुआ है, वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया… मंच के बगल में बैरिकेड्स और नुकीले तार लगाए गए हैं. इसका क्या मतलब है? ये सरासर गुंडागर्दी है, आप किसे रोकना चाहते हैं?… ये बहुत गलत है, हमें लगता है कि हेमंत सोरेन को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी. ये सरकार मुश्किल से 100 दिन चलेगी… ये बहुत गलत है, हम इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हैं.”

हेमंत बाबू इस कदर बौखलाएं हैं कि युवाओं पर गोली भी चलवा सकते हैं- अमर बाउरी

वहीं, झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि, “शर्म करो हेमंत सोरेन! अपने काले कारनामों को छिपाने के लिए हेमंत बाबू इस कदर बौखलाएं हैं कि युवाओं पर गोली भी चलवा सकते हैं. हेमंत सोरेन आपके कुशासन का आखिरी वक्त आ चुका है, 2019 से अब तक आपने जितना भी भ्रष्टाचार किया है आज की ये भीड़ उसी बात की गवाही देने इकट्ठा हुई है.”

अराजक सरकार युवाओं के गुस्से का सामना करने में असमर्थ है-शिवराज सिंह चौहान

पटना: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “यह(JMM) अराजक सरकार युवाओं के गुस्से का सामना करने में असमर्थ है. इन्होंने अपने 5 लाख नौकरी और बेरोजगारी भत्ते का एक भी झूठा वादा पूरा नहीं किया. जब भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अपना गुस्सा जाहिर करने आ रहे थे, तो उन्होंने(JMM) कल से ही बर्बरता शुरू कर दी, उन्हें कई जगहों पर रोका गया, बसों को जब्त कर लिया गया. कंटीले और नुकीले तार लगा दिए गए… क्या लोकतांत्रिक आंदोलन को ऐसे रोका जाता है? हेमंत सोरेन डरे हुए हैं, इसीलिए उन्होंने जो बर्बरता की, वो अकल्पनीय है… हेमंत सोरेन ने जो अत्याचार किए हैं, हमारे कार्यकर्ताओं पर हर लाठीचार्ज हेमंत सोरेन सरकार के कफन में आखिरी कील की तरह है. उनकी सरकार बस 2 महीने की मेहमान है… हम लड़ेंगे, इस सरकार का जाना तय है…”

ये भी पढ़ें-Nepal Bus Accident: नेपाल में 40 यात्रियों को ले जा रही भारतीय बस नदी में गिरी, 14 की मौत

Latest news

Related news