Friday, March 6, 2026

Bomb threats to Schools: 3 दिन में 10 दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी

Bomb threats to Schools: बुधवार सुबह दिल्ली के कम से कम पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे मेल मिले. पुलिस ने बताया कि यह धमकी लगातार तीसरे दिन आई है.
हलांकि पुलिस ने बुधवार को सभी ईमेल को फर्जी घोषित कर दिया गया है, लेकिन सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तलाशी ली जा रही है.
ईमेल में दावा किया गया था कि स्कूल परिसर में विस्फोटक उपकरण/पदार्थ रखे गए हैं.

Bomb threats to Schools: बुधवार 5 नामी स्कूलों को मिले मेल

दिल्ली पुलिस के अनुसार, बुधवार को जिन स्कूलों को धमकी भरा मेल मिला, उनमें द्वारका का सेंट थॉमस स्कूल, वसंत कुंज स्थित वसंत वैली स्कूल, हौज़ खास स्थित मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, पश्चिम विहार स्थित रिचमंड ग्लोबल स्कूल और लोधी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय शामिल हैं. सेंट थॉमस स्कूल को दो दिनों में दो बार धमकी भरा मेल मिला.

बम निरोधक दस्ते की टीमों ने ली स्कूल परिसरों की तलाशी

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस), स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्तों की कई टीमें घटनास्थल पर पहुँचीं. स्कूल पहुँचे छात्रों को बाहर निकाला गया और उनके परिवारों को सूचित किया गया.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमें स्कूलों से सुबह-सुबह ईमेल के बारे में अलर्ट मिले. बम निरोधक दस्ते की टीमों को विशेष प्रकोष्ठ के अधिकारियों के साथ भेजा गया. हम प्राप्त ईमेल की भी जाँच कर रहे हैं. अभी तक कुछ नहीं मिला है. हमने सुनिश्चित किया है कि सभी अभिभावकों और स्कूल कर्मचारियों को सूचित कर दिया गया हो.” जानकारी के मुताबिक ईमेल सुबह लगभग 8 बजे प्राप्त हुआ था.

सोमवार से मिल रही हैं स्कूलों को धमकियां

अधिकारी ने आगे कहा, “पिछले तीन दिनों में लगभग 10 स्कूलों और एक कॉलेज को इसी तरह की बम धमकियाँ मिली हैं.”
मंगलवार को सेंट थॉमस स्कूल और सेंट स्टीफंस कॉलेज को भी धमकियाँ मिलीं. दोनों संस्थानों को खाली कराना पड़ा. कुछ भी नहीं मिला और धमकियों को फर्जी घोषित कर दिया गया.
सोमवार को चाणक्यपुरी स्थित नेवी स्कूल, द्वारका स्थित सीआरपीएफ स्कूल और रोहिणी स्थित एक स्कूल को बम की धमकी वाले ईमेल मिले.
पुलिस अभी तक इन मामलों में ईमेल भेजने वाले की पहचान नहीं कर पाई है.

ये भी पढ़ें-‘कल के हथियारों से आज का युद्ध नहीं जीता जा सकता’, Operation Sindoor का हवाला देते हुए बोले CDS Anil Chauhan

Latest news

Related news