दिल्ली : 26 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने शासन काल के 9 साल पूरे करने जा रहे हैं. बीजेपी इस मौके को भव्य आयोजन में बदलने की तैयारी में है. इस मौके को ग्रैंड बनाने के लिए बीजेपी देश भर में मेगा रैलियां करने की तैयारी में है.
सरकार के 9 साल पूरे होने पर 51 रैलियां करेगी बीजेपी
बीजेपी के तमाम बड़े नेता देशभर में 51 बड़ी रैलियां करेंगे. इसमें सबसे बड़ी रैली 30 मई को होगी जिसे प्रधानमंत्री मोदी संबोधित करेंगे. देश भर में होने वाले 51 रैलियों में 10 रैलियां प्रधानमंत्री मोदी करेंगे. पीएम मोदी के अलावा गृहमंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ, हेमंता बिस्वा सरमा, स्मृति ईरानी व अन्य नेता भी अलग अलग जगहों पर रैलियों को सम्बोधित करेंगें.
रैली के जरिये ‘संपर्क से समर्थन’ कार्यक्रम की शुरुआत
इन रैलियों के जरिये बीजेपी ‘ संपर्क से समर्थन’ कार्यक्रम की शुरुआत करेगी. इसका आगाज पीएम मोदी अपनी रैली से करेंगे . भाजपा का ये अभियान एक महीने तक यानी 30 मई से 30 जून तक चलेगा .
पीएम मोदी बीजेपी राष्ट्रीय मीडिया और प्रदेश मीडिया से करेंगे मुलाकात
इससे पहले पीएम मोदी 25 और 26 मई को भाजपा राष्ट्रीय मीडिया और राज्यों की मीडिया प्रमुखों से मुलाकात करेंगें.
भाजपा सरकार के मंत्री करेंगे प्रेस काफ्रेंस
मोदी सरकार के मंत्री 9 साल की उपलब्धि पर मीडिया से बात करेंगे .इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत केंद्रीय संसदीय बोर्ड के सदस्य और राज्यों के मुख्यमंत्री मीडिया वालों से मुलाकात करेंगे और केंद्र सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे.
वहीं 27 मई को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मीडिया के सवालों के जवाब देंगे .





