Wednesday, March 4, 2026

Bihar elections: पटना हाईकोर्ट ने कांग्रेस से कहा, ‘पीएम मोदी की मां का एआई वीडियो हटाओ’

Bihar elections: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां के एआई-जनरेटेड वीडियो को लेकर उठे विवाद के बीच बुधवार को पटना उच्च न्यायालय ने कांग्रेस पार्टी को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से संबंधित वीडियो को हटाने का निर्देश दिया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक  यह आदेश कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश पी.बी.बजंतरी ने सुनाया.

बिहार कांग्रेस ने पोस्ट किया था वीडियो

कांग्रेस पार्टी की बिहार इकाई द्वारा सोशल मीडिया पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से निर्मित एक वीडियो पोस्ट करने के बाद आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था. इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दिवंगत मां हीराबेन मोदी के बारे में सपने देखते हुए दिखाई दे रहे थे, जो वीडियो में उनकी राजनीति की आलोचना कर रही थीं.
अदालत ने सभी मध्यस्थों को वीडियो के प्रसार पर रोक लगाने का भी निर्देश दिया.

Bihar elections: बीजेपी ने की थी वीडियो की निंदा

बिहार से लेकर केंद्र तक बिजेपी के नेताओं ने पीएम मोदी के मां के वीडियो की निंदा की थी.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि किसी दिवंगत माँ पर कीचड़ उछालना और उनका मज़ाक उड़ाना दर्शाता है कि कांग्रेस और उसकी सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) राजनीतिक विमर्श को किस हद तक गिराना चाहते हैं. उन्होंने कहा, “जब कोई बिहार की धरती से प्रधानमंत्री की माँ को गाली देता है, तो लोग करारा जवाब देना जानते हैं. यह वह धरती है जहाँ लोकतंत्र का जन्म हुआ और आपातकाल के खिलाफ आंदोलन शुरू हुआ, जब लोकतंत्र का गला घोंटा गया था. यह गाली देने वाली कांग्रेस को सबक सिखाएगी.”
वहीं, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि राजद नेता तेजस्वी यादव को इस नैतिक भ्रष्टाचार पर विचार करना चाहिए. उन्होंने कहा, “वह नैतिक भ्रष्टाचार पर बोलते हैं, जबकि उनका पूरा परिवार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा हुआ है.” उन्होंने कहा कि यादव की चुप्पी उनकी मिलीभगत को दर्शाती है.
इसी तरह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने अभद्रता की सारी हदें पार कर दी हैं. “यह उस पार्टी का सरासर मानसिक दिवालियापन और अनियंत्रित नकारात्मकता है जिसे हर जगह से नकारा गया है.”

कांग्रेस ने किया था वीडियो का बचाव

हलांकि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने वीडियो का बचाव करते हुए कहा था कि वीडियो में कुछ भी गलत नहीं है. उन्होंने कहा था, “यह किसका अपमान है? भाजपा को क्या आपत्ति हो सकती है? माँ तो बस अपने बच्चे को पढ़ा रही है. अगर किसी को बुरा लगता है, इस मामले में प्रधानमंत्री को, तो यह उनकी समस्या है. अगर वह हर बात को मुद्दा बनाना चाहते हैं, तो हमें इसकी जानकारी नहीं है. मुझे वीडियो में एक भी आपत्तिजनक शब्द बताइए.”

ये भी पढ़ें-PM Modi Birthday: शिक्षा मंत्रालय ने स्कूलों में प्रधानमंत्री मोदी पर फिल्म दिखाने के निर्देश जारी किए

Latest news

Related news