Bihar Chunav Security Arrangements : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे और निर्णायक दौर की वोटिंग में अब चंद घंटों का समय रह गया है. मंगलवार 11 नवंबर को सुबह 7 बजे से राज्य के 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान शुरु होगा, जो शाम 5 बजे तक चलेगा. इसके अलावा जिन मतदान केंद्रों पर कतारें लगी रहेंगी, उनके वोट डालने के बाद ही मतदान की प्रकिया बंद होगी. इस चरण में राज्य के 3.7 करोड़ मतदाता हिस्सा लेंगे, जिसमें 1.95 करोड़ पुरुष और 1.74 करोड़ महिलाएं शामिल हैं.
Bihar Chunav Security Arrangements : 4 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात
122 सीटों पर मतदान के लिए सभी 20 जिलों में 4 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये है जिसमें 500 से अधिक केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कंपनियां है जिसमें CRPF, BSF, CISF, ITBP, SSB की टीमें शामिल हैं. इसके अलावा अन्य राज्यों से 2 हजार रिजर्व पुलिस फोर्स तैनात किया गया है.
बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस के 30,000 जवान और होम गार्ड्स के 20,000 जवान तैनात किये गये हैं. 19,000 ऐसे नए कांस्टेबल तैनात किये गये है जो अभी ट्रेनिंग ले रहे हैं. किसी भी तरह के बाहरी हस्तक्षेप से बचने के लिए दूसरे राज्यो से लगी सीमाओं को सील किया गया है. चुनाव आयोग ने सभी सीटों को समान रुप से संवेदन शील माना है, इस लिए ग्रामीण क्षेत्रोमे कुल मिलकर 1.5 लाख चौकीदार भी सुरक्षा इंतजाम में लगाये गये हैं.
दूसरे चरण में कहां-कहां हो रहा है मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण में 20 जिलों के 122 सीटों पर मतदान होने जा रहा है. इन बीस जिलों में गयाजी की 10 सीट , कैमूर की 4 सीट , रोहतास की 7, औरंगाबाद की 6 सीट, अरवल की 2 सीट, जहानाबाद की 3 सीट, नवादा की 5 सीट, भागलपुर की 7 सीट, बांका की 5 सीट, जमुई की 4 सीट, सीतामढ़ी की 8 सीट, शिवहर की 1 सीट, मधुबनी की 10 सीट, सुपौल की 5 सीट, पूर्णिया की 7 सीट, अररिया की 6 सीट, कटिहार की 7 सीट, किशनगंज की 4 सीट, पूर्वी चंपारण की 12 सीट और पश्चिमी चंपारण की 9 सीटें शामिल हैं.
मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्ट का इंतजाम
दूसरे चरण की वोटिंग के लिए चुनाव आयोग ने सभी 122 विधानसभा सीटों पर कुल 45,399 पोलिंग बूथ बनाये हैं. हर बूथ पर औसतन 818 मतदाता वोटिंग करेंगे.सभी बूथों पर वेबकास्टिंग यानी लाइव स्ट्रीमिंग का इंतजाम किया गया है. दिन भर होने वाली वोटिंग की निगरानी के लिए चुनाव आयोग ने विशेष निगरानी टीम बनाई है जो लाइव बेवकास्टिंग के जरिये नजर रखेगी.

