असम चुनाव के लिए BJP का ‘संकल्प पत्र’..3 महीने में लागू करेंगे UCC साथ ही ‘मियाओं’ से छीनेंगे जमीन..जनता से किये 31 वादे

BJP Assam Manifesto :असम विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अपना चुनावी घोषणापत्र यानी ‘संकल्प पत्र’ जारी कर दिया है. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस घोषणापत्र को पेश किया, जिसमें असम की अस्मिता, सुरक्षा और विकास को केंद्र में रखा गया है. भाजपा ने राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 5 लाख करोड़ रुपये के भारी-भरकम निवेश का रोडमैप तैयार किया है.

BJP Assam Manifesto : UCC और लव जिहाद के खिलाफ सख्त कदम

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि यदि भाजपा फिर से सत्ता में आती है, तो तीन महीने के भीतर राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर दी जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे राज्य के आदिवासियों और अन्य जातीय समुदायों के अधिकारों को प्रभावित किए बिना लागू किया जाएगा. इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने ‘लव और लैंड जिहाद’ के खिलाफ कड़ा कानून लाने की भी बात कही. उन्होंने जिला आयुक्तों को 1950 के अधिनियम के तहत 24 घंटे के भीतर अवैध प्रवासियों को निष्कासित करने का अधिकार देने की बात भी कही.

घुसपैठियों और अतिक्रमण के खिलाफ जंग

मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में कहा कि भाजपा जंगलों और सार्वजनिक जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेगी. उन्होंने ‘बांग्लादेशी मियाओं’ द्वारा अतिक्रमित जमीन को वापस लेने और उनकी ‘राजनीतिक कमर’ तोड़ने का वादा किया. घुसपैठ की समस्या पर बोलते हुए सरमा ने कहा कि जब तक पड़ोसी देश के साथ सीमाएं साझा हैं, यह लड़ाई जारी रहेगी. उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में भाजपा ने घुसपैठियों के प्रभाव को सत्ता के गलियारों (दिसपुर) से पूरी तरह खत्म कर दिया है.

युवाओं और महिलाओं के लिए बड़े वादे

भाजपा के संकल्प पत्र में युवाओं को लुभाने के लिए 2 लाख सरकारी नौकरियां देने और 8वें वेतन आयोग को लागू करने का वादा किया गया है.

महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए ‘ओरुनोदोई योजना’ की वित्तीय सहायता को बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रति माह करने का प्रस्ताव रखा गया है.

शिक्षा के क्षेत्र में भाजपा ने गरीब परिवारों के बच्चों के लिए केजी (KG) से पीजी (PG) तक मुफ्त शिक्षा का संकल्प लिया है. साथ ही, असम की चिरस्थायी समस्या ‘बाढ़’ से मुक्ति दिलाने के लिए भी ठोस कदम उठाने का भरोसा दिलाया गया है.

निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर साधा निशाना

घोषणापत्र जारी करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि यह ‘संकल्प पत्र’ राज्य के पिछले एक दशक के परिवर्तन का प्रतिबिंब है. उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि जो विकास कांग्रेस 60 वर्षों में नहीं कर पाई, वह भाजपा ने कर दिखाया. सीतारमण ने कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण असम दशकों तक अफस्पा (AFSPA) के साये में रहा, लेकिन भाजपा सरकार ने शांति बहाल की और राज्य के बड़े हिस्से से इस कानून को हटवाया. उन्होंने यह भी दावा किया कि आज असम के युवा मजबूरी में नहीं, बल्कि बेहतर अवसरों के कारण विदेश से लौट रहे हैं.

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, पबित्रा मार्गरीटा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. बता दें कि असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए 9 अप्रैल को मतदान होना है और चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे.

Latest news

Related news