NEET Paper Leak : नई दिल्ली/पटना: NEET परीक्षा में पेपर लीक और उसके बाद परीक्षा रद्द होने की खबर ने देशभर के लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों को झकझोर कर रख दिया है. जहां चारों ओर गुस्से और हताशा का माहौल है, वहीं ‘सुपर-30’ के संस्थापक और प्रसिद्ध गणितज्ञ आनंद कुमार (Anand Kumar) छात्रों के समर्थन में आगे आए हैं.
NEET Paper Leak:’धैर्य और सकारात्मक सोच ही मिलेगी जीत’
आनंद कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए इसे एक ‘दुर्भाग्यपूर्ण घटना’ बताया. उन्होंने लिखा, “NEET परीक्षा का पेपर लीक होना छात्रों और अभिभावकों के लिए निराशाजनक है लेकिन राहत की बात यह है कि सरकार ने तुरंत दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है.”
उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसी कठिन परिस्थितियों में धैर्य खोने के बजाय एक बार फिर नए जोश और आत्मविश्वास के साथ तैयारी में जुट जाना चाहिए.आनंद कुमार के अनुसार, “मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती.”
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
आनंद कुमार ने न केवल छात्रों का हौसला बढ़ाया, बल्कि सिस्टम की खामियों पर भी प्रहार किया. उन्होंने सरकार से अपील की है कि इस साजिश के पीछे जो भी दोषी हैं, उन पर ऐसी कड़ी कार्रवाई हो जो मिसाल बने, ताकि भविष्य में किसी छात्र का भरोसा शिक्षा व्यवस्था से न उठे.
NEET पेपर लीक: अब तक क्या-क्या हुआ? (बड़ी बातें)
इस पूरे मामले की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं:
-
नेटवर्क: पेपर लीक की पहली कॉपी नासिक में तैयार हुई, जहाँ से यह हरियाणा और फिर बिहार, आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान तक फैला.
-
गेस पेपर का खेल: परीक्षा से एक महीने पहले 150 पेज का गेस पेपर सर्कुलेट हुआ था, जिसमें 410 सवाल थे.
-
मैचिंग सवाल: इस गेस पेपर के 410 सवालों में से 120 सवाल सीधे NEET परीक्षा में आए, खासकर केमिस्ट्री और बायोलॉजी के प्रश्न हूबहू मिले.
य़े भी पढ़े :-दिल्ली में NEET परिक्षा कैंसिल होने पर छात्रों का भारी विरोध प्रदर्शन, पेपर लीक…
छात्रों के लिए आगे की राह: अब क्या होगा?
अगर आप भी इस परीक्षा से प्रभावित हुए हैं, तो इन 5 पॉइंट्स को नोट कर लें:
-
दोबारा परीक्षा: सरकार जल्द ही नई तारीखों का ऐलान करेगी।
-
कोई अतिरिक्त फीस नहीं: दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों को कोई फीस नहीं देनी होगी.
-
रजिस्ट्रेशन: आपको फिर से रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं है.
-
परीक्षा केंद्र: फिलहाल परीक्षा केंद्रों में बदलाव की कोई योजना नहीं है.
-
एडमिट कार्ड: नई तारीखों के लिए एडमिट कार्ड दोबारा जारी किए जाएंगे.
आनंद कुमार का संदेश साफ है—चुनौती बड़ी है, लेकिन खुद को मानसिक रूप से मजबूत रखकर ही इस जंग को जीता जा सकता है.

