य़ूपी में PDA पर जुबानी घमासान,अखिलेश बोले -भाजपा का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान,योगी के बयान का दिया  जवाब  

Akhilesh Yadav on Yogi PDA लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजनीति में PDA को लेकर जम कर सियासी बयानबाजियां चल रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने PDA में ‘P’ का मतलब पाकिस्तान बताए जाने को लेकर टिप्पणी की थी.

अखिलेश यादव ने जवाब देते हुए कहा कि “P का मतलब पाकिस्तान, बीजेपी का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान”। उन्होंने कहा कि भाजपा पीडीए से घबराई हुई है, इसलिए इसकी परिभाषा बदलने की कोशिश की जा रही है. अखिलेश ने PDA का नया मतलब “प्रेम, दया और अपनापन” बताते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसी सरकार बननी चाहिए जो इन मूल्यों के साथ काम करे.

अखिलेश यादव के इस बयान के बाद यूपी की सियासत में एक बार फिर PDA बनाम बीजेपी की राजनीति चर्चा में आ गई है.

Akhilesh Yadav on Yogi PDA : अखिलेश ने बताया PDA का नया मतलब

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीति में PDA का मतलब पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के सामाजिक प्रतिनिधित्व और भागीदारी से जुड़ा है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी PDA से परेशान है, इसलिए इसकी परिभाषा बदलने की कोशिश कर रही है।

सपा प्रमुख ने कहा कि “PDA का मतलब प्रेम, दया और अपनापन” भी होना चाहिए और ऐसी सरकार बननी चाहिए जो समाज के सभी वर्गों के साथ समान व्यवहार करे।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था में सुधार को प्राथमिकता दी जाएगी और सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने पर काम किया जाएगा.

‘सच बोलना भी मुश्किल’, अखिलेश ने सरकार पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और अभिव्यक्ति से जुड़े मुद्दों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सच बोलना मुश्किल होता जा रहा है.

उन्होंने कहा कि “इधर सच बोलना भी गलत है, सच बोलोगे तो मारे जाओगे”. अखिलेश ने इस बयान के जरिए सरकार की नीतियों और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने की कोशिश की.

हालांकि, उनके बयान पर भाजपा की ओर से प्रतिक्रिया सामने आने के बाद यह मुद्दा और गरमाने की संभावना है.

महंगाई को लेकर भी योगी सरकार पर हमला

अखिलेश यादव ने महंगाई के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि आज रोजमर्रा की जरूरतों की लगभग हर चीज महंगी हो गई है.

पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि मुनाफे के लिए पेट्रोल में इथेनॉल मिलाया जा रहा है और इसी तरह चीनी की कीमतों को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल खड़े किए.

अखिलेश ने कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए कि राज्य के गरीब लोगों की प्रति व्यक्ति आय (Per Capita Income) कितनी है.

‘15 करोड़ गरीब हैं तो उनकी प्रति व्यक्ति आय बताएं’

अखिलेश यादव ने आयुष्मान कार्ड का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार बड़ी संख्या में लोगों को गरीब मान रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर प्रदेश में करीब 15 करोड़ लोग गरीब माने जा रहे हैं तो उनकी प्रति व्यक्ति आय कितनी है?

सपा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को आर्थिक स्थिति और आम लोगों की आय से जुड़े आंकड़े जनता के सामने रखने चाहिए।

403 सीटों पर तैयारी कर रही सपा

अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी समाजवादी पार्टी की रणनीति पर बात की .उन्होंने कहा कि सपा और उसके सहयोगी दल प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से “डबल तैयारी” की जा रही है. सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे को लेकर भी अखिलेश ने संकेत दिया कि गठबंधन में सभी दलों को उचित सम्मान मिलना चाहिए.

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसी को छोड़कर नहीं जाती, बल्कि लोग समाजवादी पार्टी को छोड़कर जाते हैं.

‘सपा सरकार बनी तो डेयरी पॉलिसी लाएंगे’

अखिलेश यादव ने सत्ता में वापसी की स्थिति में डेयरी सेक्टर के लिए नई नीति लाने का भी ऐलान किया. उन्होंने कहा कि जो लोग डेयरी कारोबार करना चाहते हैं और पशुपालन के जरिए रोजगार व आय बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए ऐसी नीति बनाई जाएगी जिससे उन्हें आर्थिक लाभ मिले.

सपा प्रमुख ने कहा कि पशुपालन और डेयरी कारोबार को बेहतर बाजार और सरकारी सहयोग देने की जरूरत है.

उन्होंने भाजपा के सहयोगी दलों को लेकर भी बयान दिया और कहा कि गठबंधन में सहयोगी दलों को सम्मानजनक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए. उन्होंने अजीत सिंह और चौधरी चरण सिंह का नाम लेते हुए सहयोगी दलों के सम्मान का मुद्दा उठाया.

दिव्यांगों के लिए अलग घोषणापत्र और इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर का वादा

अखिलेश यादव ने दिव्यांगों के मुद्दे पर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो दिव्यांगों को सम्मान और सुविधाएं देने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे.

उन्होंने कहा कि दिव्यांगों के लिए अलग घोषणापत्र तैयार किया जाएगा और जरूरतमंद दिव्यांग साथियों को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की योजना बनाई जाएगी.

अखिलेश ने दिव्यांगों के साथ हुए कथित लाठीचार्ज के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा और कहा कि उनकी पार्टी सत्ता में आने पर दिव्यांगों के सम्मान और अधिकारों के लिए काम करेगी.

आर्थिक सहायता को लेकर बीजेपी पर निशाना

अखिलेश यादव ने आर्थिक सहायता से जुड़ी योजनाओं को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब समाजवादी पार्टी ने 40 हजार रुपये की सहायता की घोषणा की थी, तब भाजपा ने इसे “हवाई” बताया था, लेकिन अब अधिक सहायता देने की बात कही जा रही है.

उन्होंने महाराष्ट्र और बिहार का जिक्र करते हुए भी लाभार्थियों के नाम काटे जाने का आरोप लगाया.

बुलेटप्रूफ जैकेट के सवाल पर अखिलेश का जवाब

अखिलेश यादव से जब बुलेटप्रूफ जैकेट को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि जब उन्हें मिलेगी तो वह दे देंगे. उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जरूरत नहीं है और जिन लोगों को इसकी ज्यादा जरूरत है, उनसे जाकर पूछा जाना चाहिए.

यह बयान ऐसे समय आया है जब उनकी सुरक्षा को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं होती रही हैं.

प्रयागराज और लखनऊ में जलभराव को लेकर सवाल

अखिलेश यादव ने बारिश के बाद प्रयागराज और लखनऊ में जलभराव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने विकास कार्यों पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि अगर बड़े स्तर पर विकास के नाम पर पैसा खर्च किया गया है तो शहरों में जलभराव की स्थिति क्यों पैदा हो रही है.

उन्होंने प्रयागराज में जलभराव और लखनऊ में बारिश के बाद बनी स्थिति का हवाला देते हुए सरकार से जवाब मांगा.

‘PDA’ को लेकर बढ़ सकती है यूपी की सियासी गर्मी

उत्तर प्रदेश की राजनीति में PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक का मुद्दा समाजवादी पार्टी की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है. अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी और अखिलेश यादव के पलटवार के बाद यह मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है.

अखिलेश यादव ने जहां PDA को “प्रेम, दया और अपनापन” से जोड़कर भाजपा पर निशाना साधा, वहीं उनके “BJP का मतलब भाग जाओ पाकिस्तान” वाले पलटवार ने राजनीतिक बयानबाजी को और तीखा कर दिया है.

आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा और सपा के बीच इस तरह की बयानबाजी आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है. दोनों दलों की कोशिश अपने-अपने सामाजिक और राजनीतिक आधार को मजबूत करने की है.

Latest news

Related news