दिल्ली-लखनऊ के साथ हवाई मार्ग से जुड़ेगा चित्रकूट,सीएम योगी का बड़ा ऐलान..₹951 करोड़ की 124 परियोजनाओं की लोकार्पण ओर शिलान्यास 

Chitrakoot Airport : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को चित्रकूट को बड़ी विकासात्मक सौगात देते हुए ₹951 करोड़ की लागत वाली 124 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि बहुत जल्द नए एयरक्राफ्ट उपलब्ध होने के साथ चित्रकूट से दिल्ली और लखनऊ के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू की जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने चित्रकूट को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और औद्योगिक विकास का नया केंद्र बना दिया है.

Chitrakoot Airport : चित्रकूट में पहाड़ी चोटी पर बना पहला एयरपोर्ट

मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट में देश का पहला पहाड़ी चोटी पर स्थित आधुनिक एयरपोर्ट तैयार हो चुका है. नए विमानों के उपलब्ध होते ही यहां से दिल्ली और लखनऊ के लिए नियमित उड़ानें शुरू होंगी, जिससे पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे चित्रकूट की लाइफलाइन बन चुका है और भरतकूप से आगे सड़क निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है.

डिफेंस कॉरिडोर बनेगा नई पहचान

सीएम योगी ने कहा कि चित्रकूट में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही यहां बड़ी औद्योगिक इकाई निवेश करेगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए अंतरराष्ट्रीय समझौतों के बाद उत्तर प्रदेश में बनने वाली ब्रह्मोस मिसाइलों का निर्यात भी किया जाएगा, जो भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि भविष्य में चित्रकूट “शस्त्र और शास्त्र” दोनों के अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बनेगा.

चित्रकूट बना आध्यात्मिक और पर्यटन का बड़ा केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम के वनवास काल की सबसे महत्वपूर्ण भूमि चित्रकूट रही है. सरकार यहां महर्षि वाल्मीकि के लालापुर आश्रम, संत तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर, मंदाकिनी तट और कामदगिरि परिक्रमा मार्ग के सौंदर्यीकरण पर बड़े स्तर पर कार्य कर रही है. इसके साथ ही रानीपुर टाइगर रिजर्व को इको-टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है.

लोक कल्याणकारी योजनाओं का किया उल्लेख

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है. उन्होंने बताया कि अब तक 9.5 लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं. गरीबों को मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, बिजली कनेक्शन, उज्ज्वला गैस योजना और आयुष्मान भारत योजना के तहत ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जा रहा है.

विपक्ष पर जमकर बरसे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने चित्रकूट को विकास से दूर रखा और भय व डकैती का केंद्र बनने दिया. उन्होंने कहा कि आज वही चित्रकूट निवेश, पर्यटन और रोजगार का नया केंद्र बन रहा है.

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने अयोध्या और चित्रकूट को बदनाम करने की कोशिश की तथा भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की आस्था पर सवाल उठाए.

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर भी बोले सीएम

मुख्यमंत्री योगी ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि एसआईटी जांच में केवल 8 लोग दोषी पाए गए, जिनमें 6 लोग चोरी और 2 लोग साजिश में शामिल थे. उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है, लेकिन पूरे ट्रस्ट और अयोध्या को बदनाम करना उचित नहीं है.

इन नेताओं की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, डॉ. बाबू लाल तिवारी, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.

Latest news

Related news