हरदोई: यूपी के हरदोई में पुलिस ने गैंगस्टर और उसके साथियों की अवैध कार्यों से अर्जित की गई करीब 8 करोड़ की संपत्ति कुर्क की है. गैंगस्टर और उसके साथियों के खिलाफ हत्या,गैंगरेप और अपहरण जैसे संगीन मामले दर्ज थे.पुलिस ने इस गैंग के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी.गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई के क्रम में जिलाधिकारी के आदेश पर सोमवार को पुलिस ने मुनादी कराकर गैंगस्टर और उसके साथियों की 29 संपत्तियों को कुर्क किया है,जिनमें मकान,कृषि योग्य भूमि व कई लग्जरी कारें शामिल थीं पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मुनादी कराकर संपत्तियों को जब्त कर नोटिस बोर्ड लगाया .
कुख्यात गैंगस्टरों के मकान जमीन ज़ब्त
हरदोई जिले के थाना टडियावा इलाके के साखिन गांव निवासी दुर्दान्त अपराधी गैंगस्टर हसीब उर्फ छोटे गाजी,उसके भाई मुनीर,नफीस और भतीजे शीबू की गांव में मौजूद करोड़ों रुपये की संपत्ति को कुर्क किया गया.एसडीएम सदर स्वाति शुक्ला की मौजूदगी में पुलिस ने पूरे गांव में डुगडुगी पिटवा कर मुनादी कराई और गैंगस्टर की कृषि योग्य भूमि,मकानों और 6 लग्जरी वाहनों को कुर्क किया . कुर्क की गयी संपत्ति की कीमत करीब 8 करोड़ रुपए आंकी गई है. पुलिस के मुताबिक मोहम्मद हसीब उर्फ छोटे गाजी दुर्दांत अपराधी है और संगठित अपराध करता है. इसके खिलाफ थाना टडियावा में हत्या, सामूहिक दुष्कर्म,अपहरण जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं. पुलिस ने इसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी और सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था.गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई 14 (1) के तहत अवैध कार्यों से अर्जित की गई संपत्तियों को चिन्हित कर जिलाधिकारी न्यायालय में प्रेषित किया गया था.जिलाधिकारी के आदेश पर गैंगस्टर और उसके साथियों की करीब 8 करोड़ रुपए की 29 संपत्तियों को मुनादी कराकर जब्त कर लिया गया है. हरदोई के पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के मुताबिक आगे भी गैंगस्टर और दुर्दांत अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी





