अमर कॉलोनी हत्याकांड का आरोपी राहुल मीणा निकला सीरियल अपराधी,एक रेप केस का पहले से है आरोपी

Amar Colony Girl Murder Cace : दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी में हुई 22 वर्षीय युवती की सनसनीखेज हत्या के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस ने मुख्य संदिग्ध राहुल मीणा की तस्वीर जारी कर दी है. फोटो सामने आने के बाद जांच में यह भी पता चला है कि राहुल मीणा सिर्फ इसी हत्या का आरोपी नहीं है, बल्कि वह राजस्थान के अलवर में एक शादीशुदा महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात में भी शामिल रहा है. इस खुलासे ने आरोपी के खतरनाक आपराधिक इतिहास की परतें खोल दी हैं.

Amar Colony Girl Murder Cace:अलवर में रेप और दिल्ली में हत्या

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राहुल मीणा का आपराधिक रिकॉर्ड काफी गंभीर है. वह अलवर में रेप की घटना को अंजाम देने के बाद से ही पुलिस की रडार पर था. अब दिल्ली में हुई हत्या के बाद उसकी पहचान पुख्ता हो गई है. पुलिस का मानना है कि आरोपी लगातार एक राज्य से दूसरे राज्य भागकर अपराध कर रहा है. उसकी तस्वीर हाथ लगने के बाद अब जांच एजेंसियों को उसे पकड़ने में बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद है.

कातिल की तलाश में अलवर पहुंची दिल्ली पुलिस

आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की एक विशेष टीम राजस्थान के अलवर पहुंच चुकी है. दिल्ली पुलिस के डीसीपी के मुताबिक आरोपी ने दिल्ली में वारदात को अंजाम दिया और फिर फरार हो गया. इस समय दिल्ली और राजस्थान पुलिस मिलकर संयुक्त अभियान चला रही हैं ताकि इस शातिर अपराधी को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके.

जिम गए थे माता-पिता और पीछे से हो गई वारदात

यह दुखद घटना बुधवार सुबह की है जब वरिष्ठ आयकर अधिकारी की बेटी अपने घर में अकेली थी. उसके माता-पिता रोजाना की तरह जिम गए हुए थे. आरोपी को पता था कि घर में युवती अकेली है, इसलिए उसने मौके का फायदा उठाया और घर के भीतर दाखिल हो गया. घटनास्थल पर मिले सबूतों से पता चलता है कि युवती ने अपनी जान बचाने के लिए आरोपी का कड़ा विरोध किया था, लेकिन वह नाकाम रही.

केबल से गला घोंटा और सिर पर किया वार

शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने युवती को काबू में करने के लिए उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किया था. इसके बाद उसने मोबाइल चार्जिंग केबल या किसी तार का इस्तेमाल कर युवती का गला घोंट दिया. पुलिस को आशंका है कि हत्या से पहले युवती के साथ यौन उत्पीड़न भी किया गया होगा, हालांकि इसकी अंतिम पुष्टि मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी.

पुराना नौकर ही निकला जान का दुश्मन

राहुल मीणा पर शक की सबसे बड़ी वजह उसका इस घर से पुराना जुड़ाव है. वह करीब सात-आठ महीने तक इसी घर में घरेलू सहायक के तौर पर काम कर चुका था. लगभग डेढ़ महीने पहले ही उसे काम से निकाला गया था. पुलिस का मानना है कि नौकर रहने के कारण उसे घर के हर कोने और परिवार की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया.

Latest news

Related news