बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 सदस्यों की संदिग्ध हत्या, छत पर पिता तो बेड के नीचे मिला 12 वर्षीय बेटे का शव

Bangladesh Hindu family Murder रंगपुर : बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. दासपारा (मछुआपारा) इलाके में एक बंद मकान से रिटायर्ड शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और 12 वर्षीय बेटे के शव अलग-अलग जगहों से बरामद किए गए. शुरुआती जांच में पुलिस और CID ने चारों की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है, हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी.

Bangladesh Hindu family Murder: एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

मृतकों की पहचान 65 वर्षीय गणपति चक्रवर्ती, उनकी पत्नी 50 वर्षीय प्रीतिलता चक्रवर्ती, 23 वर्षीय बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 वर्षीय बेटे प्रियम चक्रवर्ती के रूप में हुई है.

रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11:30 बजे पुलिस को दासपारा स्थित घर के अंदर चार शव होने की सूचना मिली. रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली पुलिस और CID की टीम मौके पर पहुंची और घर में तलाशी अभियान चलाया.

अलग-अलग जगहों पर मिले शव

इस घटना ने जांच अधिकारियों को भी हैरान कर दिया है, क्योंकि परिवार के चारों सदस्यों के शव घर में अलग-अलग स्थानों पर मिले.

  • गणपति चक्रवर्ती का शव घर की छत पर मिला.
  • उनकी पत्नी प्रीतिलता और बेटी के शव सीढ़ियों से बरामद किए गए.
  • 12 वर्षीय बेटे प्रियम का शव बेड के नीचे मिला.

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन CID के प्रभारी सुबीर चौधरी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चारों की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका है.

गुरुवार रात से बंद थे परिवार के मोबाइल फोन

परिजनों के अनुसार, परिवार के चारों सदस्यों के मोबाइल फोन गुरुवार रात से बंद आ रहे थे. प्रीतिलता चक्रवर्ती की छोटी बहन पूजा चक्रवर्ती ने बताया कि उन्होंने आखिरी बार गुरुवार दोपहर अपनी बहन से बात की थी.

जब लगातार फोन बंद मिलने लगे तो परिवार के लोगों को चिंता हुई. शनिवार रात परिजन दासपारा स्थित घर पहुंचे. यहां घर का मुख्य गेट बंद था और अंदर की सभी लाइटें बंद थीं. संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस के पहुंचने के बाद घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया. इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर चारों के शव बरामद हुए.

परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं होने का दावा

परिजनों ने पुलिस को बताया है कि गणपति चक्रवर्ती की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी. रिटायरमेंट के बाद वह होम्योपैथी प्रैक्टिशनर के तौर पर काम कर रहे थे.

गणपति चक्रवर्ती पिछले साल 31 दिसंबर को रंगपुर जिला स्कूल से सेवानिवृत्त हुए थे. उनकी बेटी ने इसी साल रंगपुर कारमाइकल कॉलेज से अंग्रेजी विषय में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की थी. वहीं, उनका 12 वर्षीय बेटा रंगपुर जिला स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र था.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, परिवार पिछले करीब चार वर्षों से इस इलाके में रह रहा था. गणपति ने वहां तीन मंजिला मकान बनवाया था, हालांकि मकान का कुछ निर्माण कार्य अभी बाकी था.

पुलिस, CID और DB की संयुक्त जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस के साथ CID और डिटेक्टिव ब्रांच (DB) की टीमें भी जांच में जुट गई हैं. पुलिस घर के आसपास के हालात, परिवार के मोबाइल फोन, संभावित घटनाक्रम और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है.

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस कमिश्नर मोहम्मद अब्दुल माबूद ने कहा है कि मामले की सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ जांच की जा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है, लेकिन घटना के पीछे की वजह और संभावित हमलावरों के बारे में आधिकारिक तौर पर कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि परिवार के चारों सदस्यों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घर में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश के संकेत मिले हैं या नहीं.

इस सनसनीखेज घटना के बाद स्थानीय इलाके में भी चिंता और चर्चा का माहौल है. जांच एजेंसियां घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ परिवार के परिचितों और अन्य संभावित लोगों से पूछताछ कर रही हैं.

Latest news

Related news