सरकार मुख्यमंत्री बदलने के बाद भी क्या जारी रहेगी शराबबंदी, नीतीश के करीबी ने दिया जवाब

Bihar Liquor Ban : पटना/मोतिहारी:  मोतिहारी में हुए जहरीली शराब कांड ने राज्य की सियासत में उबाल ला दिया है. एक ओर जहां विपक्षी दल तेजस्वी यादव के नेतृत्व में सरकार को घेर रहे हैं, वहीं सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (JDU) इसपर पलटवार करते हुए विपक्ष की ‘साजिश’ और ‘बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गई घटना’ करार दे रही है.

Bihar Liquor Ban -‘कभी-कभार ऐसी घटनाएं घट जाती हैं’

JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेष सिंह कुशवाहा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस (IANS) के साथ बातचीत में सरकार का बचाव करते हुए कहा कि ,“सरकार इस घटना के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और प्रशासन मुस्तैदी से अपना काम कर रहा है. कभी-कभार ऐसी दुखद घटनाएं घट जाती हैं, लेकिन विपक्ष को इसे इतना तूल देने की जरूरत नहीं है.”

 इस बीच जब कुशवाहा से ये सवाल किया गया कि बिहार में मुख्यमंत्री बदले जाने के बाद भी क्या शराबबंदी लागू रहेगी ? इस सवाल के जवाब में कुशवाहा ने साफ किया कि बिहार में शराबबंदी कानून पर कोई समझौता नहीं होगा और यह सख्ती से लागू रहेगा.

नीतीश कुमार ही तय करेंगे मुख्यमंत्री का चेहरा

बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए उमेश कुशवाहा ने बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा, “बिहार के लोगों ने नीतीश कुमार के नाम और काम पर वोट दिया है. एनडीए जल्द ही फैसला लेगा, लेकिन सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चलेगी. नीतीश कुमार जिसे चाहेंगे, वही बिहार का मुख्यमंत्री बनेगा.”

तेजस्वी के ‘सबसे गरीब राज्य’ वाले बयान पर बिफरी JDU

केरल की एक चुनावी रैली में तेजस्वी यादव द्वारा बिहार को ‘देश का सबसे गरीब राज्य’ बताए जाने पर JDU ने कड़ा ऐतराज जताया है. उमेश कुशवाहा ने कहा:

“यह बिहार के गौरव और यहाँ के लोगों का अपमान है। नीतीश कुमार ने सत्ता संभालते ही बिहार के खोए हुए सम्मान को वापस लौटाया है। तेजस्वी को बिहार के लोगों का सम्मान करना सीखना चाहिए।”

“विपक्ष राजनीतिक दल कहलाने लायक नहीं”

JDU के प्रदेश सचिव साकेत सिंह ने भी विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के पास शराब की गुणवत्ता नापने का कोई पैमाना नहीं है. साकेत सिंह ने कहा, “सिर्फ ट्वीट करने से कुछ नहीं होता, तेजस्वी को मीडिया के सामने तथ्य रखने चाहिए. राज्यसभा चुनाव के नतीजों ने साबित कर दिया है कि वे राजनीतिक दल कहलाने के लायक भी नहीं बचे हैं।. “ उन्होंने आगे बताया कि मोतिहारी में मेडिकल टीमें और प्रशासन की टीम लगातार जांच में जुटी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

Latest news

Related news