समस्तीपुर RPF पोस्ट से छत तोड़कर फरार हुए शराब तस्कर, 4 रेलकर्मी सस्पेंड

Samastipur RPF : बिहार के समस्तीपुर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शराब तस्करी के मामले में गिरफ्तार दो आरोपी रविवार तड़के आरपीएफ पोस्ट के पीछे बने कमरे की एस्बेस्टस की छत हटाकर फरार हो गए। घटना के बाद समस्तीपुर रेल मंडल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात एक सब-इंस्पेक्टर सहित चार रेलकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

Samastipur RPF:191 बोतल विदेशी शराब के साथ हुई थी गिरफ्तारी

फरार आरोपियों की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के लोकनाथपुर निवासी सौरभ कुमार सुमन और समस्तीपुर शहर के पेठियागाछी निवासी अर्जुन कुमार के रूप में हुई है। दोनों को शुक्रवार रात समस्तीपुर स्टेशन के बरौनी छोर स्थित वॉशिंग पिट क्षेत्र से 191 बोतल विदेशी शराब के साथ आरपीएफ और रेलवे की सीआईबी टीम ने संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया था।

छत का एस्बेस्टस हटाकर हुए फरार

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए आरपीएफ पोस्ट के पीछे बने कमरे में रखा गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात के समय ड्यूटी पर मौजूद कर्मी अन्य कार्यों में व्यस्त थे। इसी दौरान आरोपियों ने कमरे की पुरानी एस्बेस्टस की छत हटाई और रेलवे स्टेशन की ओर निकलकर फरार हो गए।

जब कुछ देर बाद पुलिसकर्मी कमरे में पहुंचे तो दोनों आरोपी गायब मिले और छत खुली हुई थी। इसके बाद रेलवे कंट्रोल को सूचना देकर तत्काल खोज अभियान शुरू किया गया।

कई स्थानों पर छापेमारी, अभी तक नहीं मिला सुराग

घटना की सूचना मिलते ही समस्तीपुर नगर थाना और दलसिंहसराय थाना पुलिस की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी। हालांकि खबर लिखे जाने तक दोनों आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पुलिस का कहना है कि उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

लापरवाही पर 4 रेलकर्मी निलंबित

मामले की गंभीरता को देखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त आशीष कुमार ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में सब-इंस्पेक्टर पी.के. चौधरी, सीआईबी के सिपाही दीपक कुमार, मनोज शाह और राधेश्याम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

GRP में दर्ज हुई प्राथमिकी

आरपीएफ के सब-इंस्पेक्टर पी.के. चौधरी ने समस्तीपुर जीआरपी थाना में आरोपियों के फरार होने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। जीआरपी थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर बीरबल कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Latest news

Related news