त्योहारों से पहले सीतामढ़ी में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 80 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट

सीतामढ़ी। पर्व-त्योहारों के मद्देनजर मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी तानिया सुल्तानिया के निर्देश पर एसडीएम सीतामढ़ी सदर आनंद कुमार के नेतृत्व में शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों, केक दुकानों और खाद्य निर्माण प्रतिष्ठानों में औचक छापेमारी की गई। अभियान के दौरान एडीएसओ, फूड सेफ्टी ऑफिसर सहित संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। जांच टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में तैयार मिठाई, पनीर, केक और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। इसके साथ ही साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की भी पड़ताल की गई।

– 80 किलो संदिग्ध पनीर बरामद, मौके पर कराया नष्ट
निरीक्षण के दौरान टीम ने करीब 80 किलोग्राम संदिग्ध पनीर बरामद किया। प्रथम दृष्टया खाद्य पदार्थ के संदिग्ध पाए जाने के बाद उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। इसके अलावा विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

– केक और बेकरी दुकानों की भी जांच
अभियान के तहत मिठाई दुकानों के अलावा केक और बेकरी प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कुछ दुकानों में स्वच्छता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी अनियमितताएं सामने आईं। संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी मिठाई, संदिग्ध पनीर या अन्य असुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री को लेकर सख्ती जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे खाद्य पदार्थों की बिक्री से आम लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

– आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
एसडीएम आनंद कुमार ने कहा कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। त्योहारों के दौरान बाजार में खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशासन की इस कार्रवाई से मिठाई, बेकरी और खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में सतर्कता बढ़ी है।

Latest news

Related news