पटना|नालंदा में बिहारशरीफ-बरबीघा मुख्य मार्ग पर बुधवार की सुबह सड़क हादसे में स्कूली छात्रा की मौत हो गई। हादसा अस्थावां थाना क्षेत्र के सोईवापर गांव के समीप हुआ। मृतक की पहचान अस्थावां थाना क्षेत्र के चिश्तिपुर गांव की रहने वाली चांदनी कुमारी (15) पिता उपेंद्र बिंद के रूप में की गई है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर शव को रखकर जाम लगा दिया, जिससे दोनों छोर पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।बताया जा रहा है कि चांदनी कुमारी अस्थावां बाजार से ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी, इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही ट्रक ने उसे रौंद दिया जिससे मौके पर ही छात्रा की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया। चांदनी 10वीं क्लास में पढ़ाई कर रही थी और 2 भाई और 2 बहनों में सबसे बड़ी थी। मौके पर पहुंचे परिजनों की चित्कार से आसपास का माहौल गमगीन हो गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मुख्य सड़क को जाम कर दिया। परिजन मुआवाजे एवं कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, फिलहाल सड़क जाम की स्थिति बनी हुई है।अस्थावां थाना अध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में मौत की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने बुझाने के प्रयास में जुट गई है। अज्ञात वाहन की पहचान में पुलिस जुट गई है। सरकारी प्रावधान के अनुसार पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

