Bakhtiyarpur Accident :पटना जिले के बख्तियारपुर थाना इलाके में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि परिवार के आठ अन्य सदस्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। यह दर्दनाक हादसा पटना-बख्तियारपुर फोरलेन मार्ग पर स्थित महाविहार होटल के पास उस वक्त हुआ, जब एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े एक विशाल पेड़ से सीधे जा भिड़ी।
Bakhtiyarpur Accident : देवघर से दर्शन कर लौट रहेदेवघर से दर्शन कर लौट रहे कुशीनगर के मां-बेटे की मौत
इस भीषण टक्कर में जान गंवाने वाले यात्रियों की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले उपेंद्र सिंह और उनकी माता फूलमती देवी के रूप में की गई है। इस दुखद घटना के बाद से पूरे पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, कुशीनगर का यह परिवार झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन और पूजा-अर्चना करने के बाद वापस अपने घर लौट रहा था। इसी वापसी के सफर के दौरान बख्तियारपुर फोरलेन पर चालक का गाड़ी से नियंत्रण खो गया और वाहन पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे में तीन बच्चों सहित आठ सहयात्री गंभीर रूप से जख्मी
इस दुर्घटना की चपेट में आने से गाड़ी में सवार तीन मासूम बच्चों समेत कुल आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर बख्तियारपुर थाने की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन के भीतर फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया।
घायलों को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया और शव पोस्टमार्टम को भेजे
अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद सभी घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एनएमसीएच (NMCH) पटना रेफर कर दिया गया है। दूसरी तरफ, पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ भेज दिया है। हादसे में बचीं घायल निक्की देवी ने रोते हुए बताया कि पूरा परिवार बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर खुशी-खुशी घर लौट रहा था और रास्ते में अचानक यह वज्रपात हो गया। बख्तियारपुर थाना प्रभारी देवानंद शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया गाड़ी के अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ है, जिसमें दो लोगों की मौत और आठ लोग घायल हुए हैं। उत्तर प्रदेश में रहने वाले इनके अन्य रिश्तेदारों को हादसे की खबर दे दी गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

