Sunday, February 15, 2026

रांची के लापुंग में जमीन विवाद सुलझाने गई पुलिस पर हमला, SHO गंभीर रूप से घायल

Ranchi Police Team Attacked :   झारखंड के रांची में एक जमीनी विवाद के दौरान जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कुछ लोगों ने पुलिस की टीम पर ही हमला कर दिया. पुलिस टीम पर हुए हमले में थाना प्रभारी ही गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज किया है और जांच की जा रही है.

Ranchi Police Team Attacked:पुलिस पर भीड़ ने किया हमला 

लापुंग थाना क्षेत्र के ही कोईनारा गांव में एक जमीनी विवाद को सुलझाने के लिए ग्रामीणों की बैठक चल रही थी. इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी वहां किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं. ऐसे में लापुंग के थाना प्रभारी संतोष यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी वहां पहुंचे. इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने ग्रामीणों को भी भड़का दिया और पुलिस की टीम पर हमला कर दिया.

जिसमें थाना प्रभारी संतोष यादव के सिर में गंभीर चोट आई है वहीं अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. घायल थाना प्रभारी को बेहतर इलाज के लिए रांची के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

विवाद के बीच पहुंची पुलिस टीम

पूरे मामले को लेकर रांची के एसएसपी सह डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा ने कहा कि लापुंग थाना क्षेत्र में कोईनारा बस्ती में एक कीमती जमीन को लेकर विवाद था. कीमती जमीन होने के कारण कुछ अपराधी संगठन के नाम पर उस जमीन पर कब्जा करना चाह रहे थे. विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने पर थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी विवादित जगह पर पहुंच गए.

थाना प्रभारी को आई चोट

इसी दौरान थाना प्रभारी और जवानों पर हमला किया गया. थाना प्रभारी के सिर में इंजरी हुई है. थाना प्रभारी और एक अन्य जवान को सिर में गंभीर चोट लगी है दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अन्य लोगों को हल्की चोट आई है. इस मामले में दोषियों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस कर्मियों पर हमला करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे.

लापुंग थाना की घटना से महज 48 घंटे पूर्व राजधानी रांची के ही बेड़ो थाना में 200 से ज्यादा की संख्या में अज्ञात लोगों ने घुसकर तोड़फोड़ की और पुलिस कर्मियों के साथ धक्का मुक्की की घटना को अंजाम दिया था. दोनों ही मामले को लेकर पुलिस अनुसंधान कर रही है.

Latest news

Related news