Arvind Kejriwal CBI Remand : दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बुधवार को दिल्ली आबकारी नीति मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तीन दिन के लिए सीबीआई की रिमांड में भेज दिया है. राउज एवेन्यू कोर्ट में न्यायाधीश अमिताभ रावत ने सीबीआई और केजरीवाल की तरफ से विस्तृत बहस के बाद आदेश पारित किया.
Arvind Kejriwal CBI Remand : सीबीआई ने आज ही केदरीवाल को किया है गिरफ्तार
सीबीआई ने आज सुबह ही औपचारिक रूप से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था. इसके बाद सीबीआई ने केजरीवाल की पांच दिन की रिमांड मांगी. आज सुनवाई के दौरान केजरीवाल ने व्यक्तिगत रूप से अदालत में अपनी बात रखी. केजरीवाल ने कहा कि वो और मनीष सिसोदिया सहित कोई भी आप नेता, जो इस मामले में फंसे हैं, निर्दोष हैं. उन्होंने सीबीआई के इस दावे का भी खंडन किया कि केजरीवाल ने सारा दोष मनीष सिसोदिया पर मढ़ दिया है. केजरीवाल ने कहा कि “मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है कि मनीष सिसोदिया दोषी हैं. मनीष सिसोदिया निर्दोष हैं, आप निर्दोष हैं, मैं निर्दोष हूं.उनका सारा प्लान है हमें मीडिया में बदनाम करने का. सीबीआई के सूत्रो से ये खबर मीडिया में चल रही है. इनके सारे आरोप झूठे हैं.”
अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सीबीआई का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मीडिया मे हेडलाइन बनाकर ये दिखाया जाये कि केजरीवाल ने सारा दोष सिसोदिया पर डाल दिया है. केजरीवाल की दलील पर अदालत ने भी सहमति जताते हुए कहा कि “मैंने आपका बयान पढ़ा है, आपने ऐसा नहीं कहा है” हलांकि केजरीवाल ने ये नहीं बताया कि सीबीआई उन पर क्या आरोप लगा रही है.
21 मार्च से इडी की हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद हैं अरविंद केजरीवाल
केजरीवाल को पहली बार प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 21 मार्च 2024 को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था. ED का आरोप है कि दिल्ली में शराब नीति में जानबूझकर ऐसे बदलाव किये गये जिससे कुछ खास शराब विक्रेताओं को लाभ पहुंचा. ईडी ने इसमें अरविंद केजरीवाल को मुख्य साजिशकर्ता बनाया है . ईडी ने आरोप लगाया था शराब नीत मे हेर फेर करके उशसे कमाये पैसों को आम आदमी पार्टी (आप) ने गोवा में अपने चुनावों में खर्च किया.
ईडी का मामला दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना की शिकायत पर सीबीआई द्वारा केस दर्ज किये जाने के बाद सांने आया था. ईडी द्वारा 21 मार्च को गिरफ्तार किए जाने के बाद से केजरीवाल जेल में रहे. 10 मई को सुप्रीम कोर्ट ने लोकसबा चुनाव में प्रचार करने के लिए 21 दिन की अंतरिम जमानत दी. वह 2 जून को अरविंद केजरीवाल जेल लौटे और तब से जेल में ही हैं.
इस सप्ताह की शुरुआत में जब सीबीआई ने अदालत की अनुमति से उनसे बयान लिया, तब केजरीवाल तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में ही थे. आज सुबह उन्हें ट्रायल कोर्ट में पेश किया गया, जब सीबीआई ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने की अनुमति मांगी. अदालत से अमुमति मिलने का बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.

