टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद नया ऑडियो वायरल,सुशांत सिंह राजपूत का नाम लेकर गैंगस्टर ने दी धमकी!

Tiger Shroff Firing Viral Audio : टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद अब एक और ऑडियो क्लिप सोशल मीडया पर वायरल है.  इस वीडियो में खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताने वाला अनिल पंडित नाम का व्यक्ति प्रशासन पर सवाल उठाता सुनाई देता है. ऑडियो में वह दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का नाम लेकर दावा करता है कि बॉलीवुड से जुड़े लोगों के खिलाफ पहले कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.

(वायरल ऑडियो)

ऑडियो में कहा जा रहा है कि उनकी लड़ाई देश के गद्दारों से है और यह जारी रहेगी. वह भगत सिंह की सोच का हवाला देते हुए अपने समूह की गतिविधियों को सही ठहराने की कोशिश करता है. अनिल पंडित ने ये भी कहा है कि दो लोग सुशांत सिंह राजपूत की मौत के समय चुप थे, वो भी अब बोल रहे हैं.

दाऊद इब्राहिम का नाम लेकर लगाए आरोप

ऑडियो में अनिल पंडित कथित तौर पर बॉलीवुड फिल्मों में लगाए जाने वाले पैसे और अंडरवर्ल्ड के संबंधों का जिक्र करता है. वह दाऊद इब्राहिम का नाम लेते हुए आरोप लगाता है कि कुछ लोग पाकिस्तान और दुबई से आने वाले पैसे का इस्तेमाल फिल्मों में करते हैं और इससे कमाया गया पैसा देश के खिलाफ इस्तेमाल होता है.

ये आरोप भी ऑडियो में वक्ता के दावे हैं. फिलहाल ये ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल है लेकिन पुलिस ने इसकी कोई पुष्टि नहीं की है.

सलमान खान को माफी मांगने की धमकी

कथित ऑडियो का सबसे गंभीर हिस्सा सलमान खान को लेकर दिया गया धमकी भरा संदेश है. इसमें वक्ता कहता है कि जब तक सलमान खान माफी नहीं मांगेंगे, तब तक उनका पीछा नहीं छोड़ा जाएगा. वह अभिनेता के करीबियों और उनके साथ काम करने वाले लोगों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी देता है.

ऑडियो में मुंबई में बड़ी संख्या में अपने लोगों और शूटरों की मौजूदगी का दावा भी किया गया है. हालांकि, इन संख्याओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

इससे पहले भी टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और कथित ऑडियो सामने आया था. इनमें अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था. संदेश में कहा गया था कि सलमान खान के साथ काम करने वाले लोगों को निशाना बनाया जा सकता है. पुलिस इन दावों और उनकी प्रामाणिकता की जांच कर रही है.

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में जांच जारी

18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर बाइक सवार हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं.अभिनेता इस हमले में सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर सामने आई. घटना के बाद कथित लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने वाला संदेश सामने आया, जिससे जांच में गैंग कनेक्शन का पहलू भी जुड़ गया.

अब नए ऑडियो में सुशांत सिंह राजपूत का नाम लिए जाने और सलमान खान को धमकी दिए जाने से मामला और गंभीर हो गया है. पुलिस के सामने हमलावरों की पहचान करने के साथ-साथ धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान, ऑडियो की प्रामाणिकता और कथित गैंग कनेक्शन की जांच करना भी महत्वपूर्ण है.

Latest news

Related news