एचडीएफसी बैंक के उप प्रबंध निदेशक कैजाद भरूचा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बैंक ने शेयर बाजार को बताया कि 1995 से उससे जुड़े भरूचा ने 31 दिसंबर से सेवा से कार्यमुक्त किए जाने का अनुरोध किया है। बैंक के निदेशक मंडल ने आरबीआई की मंजूरी के लिए भेजे जाने वाले भरूचा के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।
मुंबई | टाटा ट्रस्ट्स बनाएगा 50 गैर-लाभकारी अस्पताल: नोएल टाटा
टाटा ट्रस्ट्स देशभर में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक किफायती और सुलभ बनाने के लिए 40 से 50 गैर-लाभकारी सामान्य अस्पतालों का एक नेटवर्क स्थापित करने की दिशा में काम कर रहा है। ट्रस्ट्स की 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट में चेयरमैन नोएल टाटा ने यह जानकारी दी।
प्रस्तावित मॉडल के तहत जो मरीज इलाज का खर्च उठा सकते हैं, उनके भुगतान से मिलने वाली मदद से उन लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ की जाएंगी जो भुगतान करने में असमर्थ हैं। हालांकि, रिपोर्ट में अस्पताल नेटवर्क को स्थापित करने के लिए प्रस्तावित निवेश, स्थानों या समयसीमा का उल्लेख नहीं किया गया है। इसके साथ ही ट्रस्ट्स ने 2026-31 के लिए एक नई पंचवर्षीय स्वास्थ्य रणनीति भी तैयार की है।

