रायपुर| छत्तीसगढ़ के सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को 31 अक्टूबर 2026 तक आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर दो अनिवार्य प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरे करने होंगे. इसमें राजपत्रित और अराजपत्रित, दोनों श्रेणियों के कर्मचारी शामिल हैं. इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों, विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को कड़े निर्देश जारी किए हैं.
तनाव प्रबंधन और योग निद्रा की ट्रेनिंग की अनिवार्यता
अक्टूबर महीने के लिए निर्धारित इन पाठ्यक्रमों में ‘कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन’ और ‘स्ट्रेस मैनेजमेंट थ्रू मेडिटेशन एंड योग निद्रा’ शामिल हैं. ये दोनों कोर्स मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत संचालित किए जा रहे हैं. इनका मुख्य उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाना, कार्यस्थल पर बेहतर माहौल बनाना और प्रशासनिक कामकाज में सुधार के साथ उनकी व्यक्तिगत क्षमता का विकास करना है.
विभाग प्रमुखों को सौंपी गई प्रगति समीक्षा की जिम्मेदारी
सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तय समयसीमा समाप्त होने तक किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का प्रशिक्षण अधूरा नहीं रहना चाहिए. इसके लिए सभी विभागाध्यक्षों और कार्यालय प्रमुखों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और समय पर कोर्स पूरा कराने की जिम्मेदारी दी गई है.
3 नवंबर 2026 तक ई-मेल के जरिए भेजनी होगी रिपोर्ट
विभाग के निर्देशानुसार, सभी संबंधित कार्यालयों को प्रशिक्षण पूरा होने की विस्तृत रिपोर्ट 3 नवंबर 2026 तक ई-मेल के माध्यम से भेजनी होगी. विभाग ने यह भी रेखांकित किया है कि इन पाठ्यक्रमों को पूरा करने का सीधा संबंध आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर छत्तीसगढ़ राज्य के प्रदर्शन और रैंकिंग से है. इसी कारण सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में प्रशिक्षण पूरा कराकर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं.

