Shiva Sharma Murder Case लखनऊ/हजरतगंज: राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही ₹25-25 हजार की इनामी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं .हजरतगंज पुलिस की अर्जी पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने तीनों भगोड़े आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट (NBW) जारी कर दिया है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा और डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर की क्राइम टीम समेत कुल 10 टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं. पुलिस की सर्विलांस और जांच टीमें भारत-नेपाल बॉर्डर से सटे जिलों और नेपाल के कई शहरों में लगातार छापेमारी कर रही हैं.
नेपाल में बिछाया गया जाल, बार-बार ठिकाना बदल रही श्रद्धा
तफ्तीश के दौरान सर्विलांस टीम को आरोपियों की आखिरी लोकेशन भारत-नेपाल सीमा के पास रुपईडीहा और नेपाल के बांके जिले में मिली थी. पुलिस के मूवमेंट की भनक लगते ही शातिर मॉडल श्रद्धा दुबे ने नेपाल में अपने व्यावसायिक संपर्कों का फायदा उठाकर दो बार अपने ठिकाने बदले हैं.
सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा का पहले से ही मॉडलिंग और बिजनेस के सिलसिले में नेपालगंज और आसपास के शहरों में आना-जाना रहा है. इसी नेटवर्क और मददगारों की बदौलत वह पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रही है. फिलहाल खबर है कि वह बांके जिले से भागकर सुर्खेत में एक होटल कारोबारी की शरण में छिपी हुई है. हालांकि, पुलिस का दावा है कि घेराबंदी मजबूत कर ली गई है और अगले 24 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
आयुष्मान ठगी और सहारनपुर साइबर फ्रॉड से भी जुड़ा कनेक्शन
शिवा शर्मा हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मॉडल श्रद्धा दुबे से जुड़े नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं. जांच में सामने आया है कि श्रद्धा के नाम से रजिस्टर्ड एक स्कोडा कार का कनेक्शन सहारनपुर में हुए एक पुराने साइबर ठगी मामले से है. आशंका जताई जा रही है कि यह लग्जरी कार कथित तौर पर आयुष्मान भारत योजना में हुई ठगी की रकम से खरीदी गई थी.
मां ने दर्ज कराया था हत्या का मुकदमा
उल्लेखनीय है कि कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के बाद उनकी मां ने हजरतगंज कोतवाली में मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर दानिश और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. घटना के बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने मंगलवार को तीनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था.

