CEC विवाद पर बैठक के बाद राहुल गांधी ने कहा, राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘वोट चोरी’ का सबूत मांगा

CEC विवाद पर INDIA ब्लॉक India Alliance के MPs के 10 सदस्यों के डेलीगेशन ने प्रेसिडेंट मुर्मू से मुलाकात की. मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि राष्ट्रपति ने हमारी बात सुनी और वोट चोरी पर हमारी बात से इनकार नहीं किया और हमसे सबूत मांगे. इसके साथ ही राहुल ने कहा कि इंडिया गठबंधन सोमवार को सुप्रीम कोर्ट सबूतों के साथ जाएगा और सीजेआई से मिलेगा.

भारत के राष्ट्रपति ने हमसे ‘वोट चोरी’ के सबूत मांगे- राहुल गांधी

INDIA गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद कहा कि राष्ट्रपति ने वोट चोरी की बात मानी. वहीं, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “अभी राष्ट्रपति के साथ हमारी मुलाकात हुई. एक प्रकार से मैं आश्चर्यचकित रह गया क्योंकि जब हमने राष्ट्रपति को वोट चोरी और चुनाव चोरी के बारे में बताया तो हिंदुस्तान की राष्ट्रपति ने इंकार नहीं किया. हिंदुस्तान की राष्ट्रपति ने ये नहीं कहा कि चुनाव चोरी नहीं हो रहे हैं, उन्होंने उलटा हमसे कहा कि आप सबूत हमारे पास लेकर आइए. यही समूह खुशी से, जो सारे सबूत हमने एकत्रित किए हैं, इन सबूतों को राष्ट्रपति के पास ले जाएगा और ले जाने के लिए तैयार है. पूरा देश जानता है, छात्र जानते हैं कि देश में वोट चोरी हो रही है. पीएम मोदी इसके आर्किटेक्ट है, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार इसके कार्यान्वयनकर्ता हैं और इस बात से राष्ट्रपति ने इंकार नहीं किया. उन्होंने कहा कि वे इसके बारे में सोचेंगी और कार्रवाई करेंगी. मैं उनका दिल से धन्यवाद करना चाहता हूं.”

सोमवार को सुप्रीम कोर्ट जाएंगे India Alliance के नेता- राहुल गांधी

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “सबसे पहले हिंदुस्तान के सभी विपक्षी दल के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने गए. वहां पर हमें हिरासत में लिया गया, पीटा गया, धकेला गया, बसों में बंद करके हमें पुलिस स्टेशन ले गए. उस दिन हमें कहा गया कि आप वहां पर प्रदर्शन मत कीजिए. उसके बाद हमने कहा कि जंतर-मंतर जो विरोध-प्रदर्शन के लिए समर्पित जगह है, हम वहां जाएंगे, हमें वहां जाने से रोका गया. अब हम राष्ट्रपति के पास आए हैं और सोमवार को हमारा यही प्रतिनिधिमंडल सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस के लिए ज्ञापन लेकर जाएंगे… हम कोई भी रास्ता नहीं छोड़ेंगे.”

EVM को हटाकर बैलेट पेपर पर चुनाव करवाने की मांग की- मल्लिकार्जुन खड़गे

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “आज सभी हमारे गठबंधन दलों के नेता, राहुल गांधी, ममता बनर्जी और अन्य नेता राष्ट्रपति से मिले. राष्ट्रपति को हमने ज्ञापन सौंपा. पिछले 4 दिनों में हमने जो आंदोलन वोट चोरी के खिलाफ शुरू किया है, उसके बारे में बताने के लिए हम राष्ट्रपति के पास गए थे… हमने अपनी बातों को उनके सामने रखा और वोट चोरी के बारे में उन्हें बताया. ज्ञानेश कुमार ने जो इतनी बड़ी गलती है कि उनके कार्यालय से सारी (वोट)चोरी हो रही है, हमने मांग की है कि फिर से EVM को हटाकर बैलेट पेपर पर चुनाव करवाया जाए. उन्होंने वोट चोरी के सबूत हमसे मांगे हैं. हम सबूत तैयार कर रहे हैं और हम उन्हें सबूत सौपेंगे. हम सारी जानकारी देंगे…उन्होंने हमारी बातों को ध्यान से सुना है. आगे हम छानबीन करके, संबंधित लोगों से बात करके, आगामी कदम उठाएंगे… हम संतुष्ट होकर आए हैं क्योंकि उन्होंने पहली बार अपनी आवाज हमारे साथ मिलाई है…”

उनका रवैया बहुत सकारात्मक है- ममता बनर्जी

TMC प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “हम लोगों ने ज्ञापन सौंपा है. वे(राष्ट्रपति) इतनी नकारात्मक नहीं हैं. उन्होने हमें सकारात्मकता से लिया है. उन्होंने दो बातें कही कि वे सभी विवरणों को देखेंगी और उन्हें सबूत चाहिए. राहुल गांधी ने भी हामी भरी कि हम सारे सबूत भेजेंगे… हमने उनसे कहा कि देश बहुत चिंतित है और संविधान के संरक्षक के तौर पर आपको यह सुनिश्चित करना चाहिए कि लोकतंत्र बना रहे… उनका रवैया बहुत सकारात्मक है और उन्होंने कहा कि वह इसकी जांच करेंगी…”

ये भी पढ़ें-राष्ट्रपति भवन पहुंचा विपक्षी सांसदों का प्रतिनिधिमंडल, बाकी नेता विजय चौक पर CEC के खिलाफ धरने पर बैठे

Latest news

Related news