स्मित माछर से मिले दुबई के क्राउन प्रिंस, गले लगाया..बोले- हमें गर्व है कि आप हमारी टीम का हिस्सा हैं

Smit Machchhar UAE  : फ्लायदुबई विमान में हुई भयावह घटना के दौरान अपनी सूझबूझ और साहस से बड़ा हादसा टालने में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर से दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने मुलाकात की है. शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को हुई इस मुलाकात में क्राउन प्रिंस ने अस्पताल पहुंचकर घायल पायलट का हाल जाना और उनके साहस की सराहना की.

मुलाकात के दौरान शेख हमदान ने कैप्टन स्मित माछर को गले लगाया और उनका माथा चूमा. उन्होंने पायलट से बातचीत की और इस मुश्किल परिस्थिति में दिखाई गई हिम्मत, जिम्मेदारी और मानव जीवन की रक्षा के लिए उनके प्रयासों की प्रशंसा की.

Smit Machchhar UAE:‘हमें गर्व है कि आप हमारी टीम का हिस्सा हैं’

दुबई के क्राउन प्रिंस ने कहा कि UAE नेतृत्व की ओर से स्मित माछर को पूरा सम्मान और प्रशंसा मिल रही है. उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि माछर उनकी टीम का हिस्सा हैं और UAE की कहानी का भी हिस्सा हैं.

शेख हमदान ने अपने संदेश में कहा कि माछर उस UAE का हिस्सा हैं जो करुणा, शांति और जीवन के मूल्यों के लिए खड़ा है. उन्होंने पायलट के साहस और जिम्मेदारी को विशेष रूप से रेखांकित किया.

विमान में आखिर हुआ क्या था?

यह घटना फ्लायदुबई की फ्लाइट FZ1073 में हुई थी, जो दुबई से तेल अवीव जा रही थी. उड़ान के दौरान कॉकपिट में सह-पायलट और कैप्टन स्मित माछर के बीच गंभीर घटना हुई. UAE अधिकारियों के अनुसार, सह-पायलट ने कैप्टन पर हमला किया था और मामले की जांच की जा रही है. UAE अभियोजक ने घटना की परिस्थितियों और संभावित आतंकवादी गतिविधि से किसी संबंध की जांच के निर्देश दिए हैं.

घटना के दौरान विमान तेजी से नीचे जाने लगा. रिपोर्टों के अनुसार, कैप्टन माछर घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे. इसके बाद यात्रियों, चालक दल और विमान में मौजूद रिजर्व पायलटों ने स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की. विमान को बाद में सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया.

घायल होने के बावजूद नहीं छोड़ा हौसला

रिपोर्टों के मुताबिक, कैप्टन माछर पर हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं. इसके बावजूद उन्होंने विमान और उसमें सवार लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी.भारतीय पायलट ने बाद में अस्पताल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के दौरान भी घटना का विवरण साझा किया था.

रॉयटर्स के अनुसार, माछर ने बताया कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्हें एहसास था कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है और उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने का फैसला किया. इसके बाद अन्य लोगों को अंदर पहुंचने और हमलावर को काबू करने का मौका मिला.

भारतीय दूतावास ने भी दिया स्वास्थ्य अपडेट

3 अक्टूबर को UAE में भारतीय दूतावास ने कैप्टन स्मित माछर के स्वास्थ्य को लेकर अपडेट दिया. दूतावास के मुताबिक, वह अबू धाबी के अस्पताल में उपचार करा रहे हैं और अच्छी तरह से रिकवर कर रहे हैं. दूतावास ने कहा कि वह उनके परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है.

UAE की जनरल सिविल एविएशन अथॉरिटी ने भी कैप्टन माछर, फ्लाइट के चालक दल और उन यात्रियों की सराहना की थी, जिन्होंने घटना के दौरान स्थिति को नियंत्रण में लाने में मदद की। साथ ही अधिकारियों ने कहा है कि घटना की जांच पूरी होने के बाद आधिकारिक निष्कर्ष सामने रखे जाएंगे.

घटना की जांच अभी जारी

इस पूरे मामले की जांच UAE के नेतृत्व में चल रही है. अधिकारियों ने घटना की परिस्थितियों, इसके पीछे की मंशा और संभावित आतंकवादी कनेक्शन समेत विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू की है. जांच पूरी होने से पहले घटना की मंशा को लेकर अलग-अलग दावों पर अंतिम निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा.

फिलहाल कैप्टन स्मित माछर की बहादुरी को भारत के साथ-साथ UAE में भी सराहना मिल रही है. दुबई के क्राउन प्रिंस की अस्पताल में उनसे मुलाकात ने इस सम्मान को और खास बना दिया है. क्राउन प्रिंस का संदेश साफ था कि संकट की घड़ी में यात्रियों की सुरक्षा के लिए माछर ने जो जिम्मेदारी निभाई, उसे UAE नेतृत्व बेहद महत्वपूर्ण मानता है.

Latest news

Related news