रायपुर: सेवा संकल्प अभियान को लेकर CM साय ने गिनाए उद्देश्य, जनकल्याण पर फोकस

Seva Sankalp Abhiyan रायपुर :  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित एक भव्य युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के गौरवशाली सेवा काल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का संचालन किया जा रहा है.

Seva Sankalp Abhiyan:वडनगर से वाराणसी तक सेवा संकल्प यात्रा का मार्ग

मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के इन 25 वर्षों के अद्वितीय सेवा काल की उपलब्धियों को आम जनता के बीच पहुँचाने के लिए विशेष रूप से ‘वडनगर से वाराणसी तक सेवा संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है. प्रधानमंत्री की जन्मस्थली गुजरात के वडनगर से आरंभ होकर यह यात्रा उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक पहुँचेगी. यह यात्रा मात्र एक सामान्य बाइक रैली नहीं है, अपितु यह सुशासन, जनसेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्षों की एक गौरवशाली यात्रा का जीवंत प्रतीक है.

सेवा को बनाया संगठन और शासन का मूलमंत्र

मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि इन 25 वर्षों की राजनीतिक यात्रा में प्रधानमंत्री ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री पद तक के अपने कार्यकाल में ‘सेवा’ को ही अपने संगठन और शासन का सर्वोपरि मूलमंत्र बनाया है. गुजरात के विकास मॉडल से लेकर डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत अभियान, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना और आत्मनिर्भर भारत जैसे परिवर्तनकारी अभियानों के माध्यम से उन्होंने समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचाई है. भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इस यात्रा के जरिए इन सभी ऐतिहासिक उपलब्धियों को प्रदेश के एक-एक गाँव और शहर तक लेकर जा रहे हैं.

वीडी शर्मा ने प्रधानमंत्री के सेवाकाल को बताया प्रेरणास्त्रोत

संसद सदस्य एवं भाजपा प्रकोष्ठ संकुल के राष्ट्रीय संयोजक वीडी शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही यह सेवा संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल को समर्पित है.उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संपूर्ण सार्वजनिक जीवन में जनसेवा को ही अपना सर्वोच्च धर्म माना है. मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के उच्च पद तक पहुँचने के बाद भी उन्होंने ‘अंत्योदय’ के संकल्प को पूरी निष्ठा के साथ साकार किया है. यह यात्रा उनके उन्हीं महान सेवा कार्यों को घर-घर तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगी.

युवाओं से सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान

सांसद वीडी शर्मा ने युवा कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत युवा मोर्चा के सभी कार्यकर्ता गाँव-गाँव जाकर स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार जैसे सेवा कार्य करेंगे. उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली यह राष्ट्रीय यात्रा विभिन्न मार्गों से प्रदेश में प्रवेश करेगी और यहाँ के तमाम जिलों से होते हुए उत्तर प्रदेश तथा झारखंड की ओर अग्रसर होगी. छत्तीसगढ़ में युवा मोर्चा के ऊर्जावान कार्यकर्ता जगह-जगह इस यात्रा का भव्य स्वागत कर इस सेवा संकल्प को एक विशाल जन आंदोलन का रूप देंगे.

Latest news

Related news