फुटबॉल मैच खेलते-खेलते जमीन पर गिरा खिलाड़ी, गिरते ही हुई मौत

Bokaro football player Death बोकारो:  बोकारो जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक खबर  सामने आई है. बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के नई बस्ती मैदान में चल रही तीन दिवसीय डे-नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता के दौरान खेलते-खेलते एक 37 वर्षीय खिलाड़ी की अचानक मौत हो गई. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खिलाड़ी मैदान पर दौड़ते-दौड़ते अचानक असहज महसूस करता है और जमीन पर लेट जाता है.

Bokaro football player Death:बजरंग क्लब से खेल रहा था मुकाबला

37 वर्ष खिलाड़ी कजरा मुर्मू खंभरा बस्ती का रहने वाला था. वह नई बस्ती मैदान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में बजरंग क्लब की ओर से मैच खेल रहा था. मुकाबला जारी था कि तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वो मैदान पर ही गिर पड़ा. गितते ही बेहोश हो गया. साथी खिलाड़ियों और आयोजकों ने बिना समय गंवाए उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.

डॉक्टर ने क्या कहा?

मामले की जानकारी देते हुए अस्पताल के डॉक्टर अरविंद कुमार ने बताया, “कुछ लोग मरीज को लेकर आए थे. जब हमने जांच की तो पता चला कि उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी, उसे मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था.”

डॉक्टर ने आगे बताया कि “शरीर पर बाहर से किसी चोट का कोई निशान नहीं है. अंदरूनी चोट या मौत का सटीक कारण क्या है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा.”

परिजनों ने किया हंगामा, प्रतियोगिता रद्द

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे. अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया और आयोजकों से मुआवजे की मांग की. घटना के बाद खेल के मैदान में मातम छा गया और आयोजकों ने शोक व्यक्त करते हुए तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता को तुरंत रद्द कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अस्पताल और मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को संभाला और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है,जिसके बाद इसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

Latest news

Related news