गिरिडीह में दरोगा के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, मैगी पॉइंट पर 8-10 युवकों ने किया हमला

Giridih Maggi Point Murder:झारखंड के गिरिडीह में गुरुवार देर रात एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव के रूप में हुई है। वह अपने दो दोस्तों के साथ गिरिडीह-डुमरी रोड स्थित बंदरकुप्पी के मैगी पॉइंट पर गया था। आरोप है कि इसी दौरान 8 से 10 युवकों ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ऋतिक को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में उसके दो दोस्त भी घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक, ऋतिक गुरुवार रात करीब 10:30 बजे अपने दोस्तों शुभम दास और राजा गुप्ता के साथ कार से मैगी पॉइंट पहुंचा था. यहां देर रात तक मैगी, चाय और कॉफी की दुकानें खुली रहती हैं. तीनों दोस्त वहां मौजूद थे, तभी कुछ युवक पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.

पहले मुक्कों से पीटा, फिर बांस की फराठी से हमला

मृतक के साथी शुभम दास ने सदर अस्पताल में घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव अपने 8 से 10 साथियों के साथ वहां पहुंचा था. शुभम के मुताबिक, आरोपियों ने अचानक उन पर हमला कर दिया.

शुरुआत में युवकों ने मुक्कों से मारपीट की. इसके बाद बांस की फराठी यानी बांस के टुकड़े से भी हमला किया गया. आरोप है कि ऋतिक को इस कदर पीटा गया कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया. हमले में उसके दोनों दोस्त भी चोटिल हुए.

हालांकि, वारदात के पीछे की असली वजह क्या थी और हमला किस विवाद के चलते हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घायल युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भिजवाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने ऋतिक यादव को मृत घोषित कर दिया.

ऋतिक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में भी लोगों की भीड़ जुट गई. मृतक के पिता झारखंड पुलिस में एसआई हैं. विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ऋतिक एक छात्र संगठन से भी जुड़ा हुआ था.

पुलिस की छापेमारी, कुछ संदिग्ध हिरासत में

हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है.नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो भी सदर अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली.

छात्र संगठन से भी जुड़ा था ऋतिक

ऋतिक यादव के छात्र संगठन से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है. घटना की सूचना मिलने पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घटना पर दुख जताया.

इस हत्याकांड के बाद मृतक के परिवार और परिचितों में शोक है.फिलहाल पुलिस की जांच जारी है. हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की आधिकारिक जांच के निष्कर्ष सामने आने बाकी हैं.

Latest news

Related news