Jharkhand Weather : रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव वाले सिस्टम के प्रभाव से राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 23 से 26 सितंबर के बीच झारखंड में भारी बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है, जबकि 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी दर्ज की गई है.
मौसम केंद्र रांची के अपडेट के अनुसार, आने वाले दिनों में कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश और वज्रपात हो सकता है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
Jharkhand Weather:24 सितंबर को रांची समेत 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार 24 सितंबर को रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और गुमला में भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी है. इन पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किय़ा गया है
इसके अलावा राज्य के दूसरे हिस्सों में भी गरज-चमक और बारिश का असर देखने को मिल सकता है. 25 सितंबर को पलामू, चतरा और लातेहार समेत कुछ इलाकों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है.
23 सितंबर से बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
23 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी और मध्य झारखंड के कई जिलों में बारिश के साथ वज्रपात की संभावना है. रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद के अलावा पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में भी मौसम खराब रह सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की स्थिति बन सकती है. इसलिए खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों के आसपास रहने से बचना जरूरी होगा.
24 से 26 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के छह दिन के पूर्वानुमान के मुताबिक झारखंड में 24 सितंबर को बारिश का असर व्यापक रह सकता है. इसके बाद 25 और 26 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. IMD के झारखंड उपखंड पूर्वानुमान में 24 सितंबर के लिए Very Heavy Rain, जबकि 25 और 26 सितंबर के लिए Heavy Rain के साथ गरज-चमक की चेतावनी दर्ज है.
| तारीख | मौसम का अनुमान |
|---|---|
| 23 सितंबर | कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवा |
| 24 सितंबर | भारी से बहुत भारी बारिश, कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट |
| 25 सितंबर | कई इलाकों में भारी बारिश और वज्रपात |
| 26 सितंबर | बारिश और गरज-चमक का दौर जारी |
| 27 सितंबर | मौसम में सुधार की संभावना, कोई व्यापक चेतावनी नहीं |
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बनेगा बारिश की वजह
झारखंड में मौसम के इस बदलाव की प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव क्षेत्र है. यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और इसके प्रभाव से झारखंड तथा आसपास के राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
झारखंड में मानसून की स्थिति
ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 21 सितंबर तक झारखंड में पूरे मानसून सीजन के दौरान सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी. राज्य में सामान्य बारिश 962.4 मिमी के मुकाबले लगभग 891 मिमी बारिश हुई है.वहीं रांची में बारिश सामान्य से अधिक दर्ज की गई है.
आने वाले दिनों में बारिश बढ़ने से राज्य में मानसून की कमी कुछ हद तक पूरी होने की संभावना है.
मांडर में वज्रपात से महिला की मौत
बारिश और वज्रपात के बीच रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र से दुखद घटना भी सामने आई है. गोरे गांव में शनिवार शाम करीब पांच बजे 35 वर्षीय शहीना खातून वज्रपात की चपेट में आ गईं.
बताया गया कि बारिश शुरू होने के बाद शहीना घर के पास बारी में पहले से काटकर रखी घास लेने गई थीं. इसी दौरान बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं. परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रांची रेफर किया गया.
रांची में परिजनों ने कई अस्पतालों में इलाज कराने का प्रयास किया, जिसके बाद उन्हें रिम्स ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शहीना को मृत घोषित कर दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

