फ्लाईओवर पर STF को देखा तो लगा दी छलांग, पुलिस कार्रवाई से मचा हड़कंप

सोनीपत। हिसार के बाडो पट्टी टोल मैनेजर संजय शुक्ला हत्याकांड मामले में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपितों को सोनीपत एसटीएफ ने एनएच-44 स्थित भिगान फ्लाईओवर पर घेर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपित ने बचने के लिए फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथी को मौके से दबोच लिया गया।

एनएच-44 पर एसटीएफ की कार्रवाई

सोनीपत एसटीएफ ने पुख्ता सूचना के आधार पर आरोपितों की गाड़ी को भिगान फ्लाईओवर पर चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस बल को नजदीक आते देख दोनों आरोपितों ने वाहन से उतरकर भागने का प्रयास किया। रास्ता बंद होने और खुद को घिरता देख एक आरोपित ने हड़बड़ाहट में फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगा दी।

घायल आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी

पुल से नीचे गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हुए आरोपित की पहचान हिसार के बहबलपुर गांव निवासी मनोज उर्फ फिल्मी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, एसटीएफ ने उसके दूसरे साथी सचिन को मौके से ही सुरक्षित गिरफ्तार कर लिया। सचिन सोनीपत के कबीरपुर गांव का रहने वाला है।

हथियार और गाड़ी बरामद

कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने आरोपितों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और घटना में प्रयुक्त गाड़ी भी बरामद कर ली है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Latest news

Related news