IITian बाबा अभय सिंह की मौत की खबर वायरल, होटल में मिली लाश का क्या है सच?

IITian Baba Death News हिसार/नई दिल्ली: प्रयागराज महाकुंभ के दौरान अपनी आध्यात्मिक यात्रा और IIT से पढ़ाई की वजह से सुर्खियों में आए IITian बाबा अभय सिंह ग्रेवाल एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार सोशल मीडिया पर उनकी मौत की खबर वायरल हो रही है. कुछ पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि हरियाणा के हिसार स्थित एक होटल के कमरे में उनका शव मिला है. हालांकि, यह दावा गलत है. हिसार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिस व्यक्ति का शव मिलने की घटना को IITian बाबा से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा है, वह अभय सिंह नहीं, बल्कि राहुल जैन नाम के व्यक्ति थे.

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबर ने लोगों के बीच भ्रम पैदा कर दिया. कई पोस्ट में कथित तौर पर बेडरूम में शव मिलने की बात कही गई और उसे IITian बाबा की मौत से जोड़ दिया गया. लेकिन पुलिस के स्पष्टीकरण के बाद इस दावे की सच्चाई सामने आई है.

IITian Baba Death News
IIT बाबा अभय सिंह ग्रेवाल

हिसार पुलिस ने क्या बताया?

हिसार पुलिस के सोशल मीडिया इंचार्ज अमरिंदर सिंह ने IITian बाबा की मौत से जुड़ी खबरों का खंडन किया है. उन्होंने बताया कि करीब तीन दिन पहले हिसार के PLA इलाके में राहुल जैन नाम के व्यक्ति का शव उनके घर में मिला था. इसी घटना को आधार बनाकर सोशल मीडिया पर IITian बाबा की मौत की खबर फैलाई जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, मृतक राहुल जैन हिसार के ही रहने वाले थे. उनका अभय सिंह ग्रेवाल से कोई संबंध नहीं है. ऐसे में राहुल जैन की मौत को IITian बाबा की मौत बताना गलत है.

राहुल जैन कौन थे, IIT से क्या था संबंध?

वायरल खबर के पीछे एक वजह दोनों मामलों में IIT का संदर्भ बताया जा रहा है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय राहुल जैन ने IIT रुड़की से पढ़ाई की थी और वह ऑनलाइन कोचिंग भी देते थे. दूसरी ओर, अभय सिंह ग्रेवाल ने IIT बॉम्बे से शिक्षा प्राप्त की थी.

दोनों व्यक्तियों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि में IIT का उल्लेख होने के कारण सोशल मीडिया पर भ्रम फैलने की आशंका है. राहुल जैन के शव मिलने की खबर को अभय सिंह ग्रेवाल से जोड़कर पेश किया गया और देखते ही देखते IITian बाबा की मौत का दावा वायरल होने लगा.

महाकुंभ से कैसे मशहूर हुए IITian बाबा अभय सिंह?

अभय सिंह ग्रेवाल मूल रूप से हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने IIT बॉम्बे से पढ़ाई की और इसके बाद कनाडा सहित अन्य जगहों पर नौकरी की. बाद में उन्होंने सांसारिक जीवन से अलग आध्यात्मिक रास्ता अपनाया.

प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के दौरान वह अपनी शिक्षा, जीवन के अनुभवों और आध्यात्मिक विचारों को लेकर चर्चा में आए. उनकी पहचान IIT से पढ़ाई करने वाले ऐसे व्यक्ति के रूप में बनी, जिन्होंने करियर और नौकरी छोड़कर साधु जीवन की राह चुनी.

महाकुंभ में मीडिया और सोशल मीडिया पर उनकी बातचीत के वीडियो खूब साझा किए गए. इसके बाद वह इंटरनेट पर चर्चित चेहरा बन गए. उनके जीवन, विचारों और निजी फैसलों को लेकर लोगों की दिलचस्पी लगातार बनी रही.

अभय सिंह ग्रेवाल ने बदल लिया अपना लुक

IITian बाबा अभय सिंह ग्रेवाल के बारे में हाल के दिनों में उनके बदले हुए लुक को लेकर भी चर्चा हुई है. उन्होंने अपने लंबे बाल कटवा लिए हैं. सोशल मीडिया पर उनकी पुरानी और नई तस्वीरों की तुलना करते हुए कई तरह की प्रतिक्रियाएं दी जा रही हैं.

IIT BABA
IIT बाबा अभय सिंह ग्रेवाल
शादी को लेकर भी चर्चा में रहे IITian बाबा

अभय सिंह ग्रेवाल इस साल अपनी शादी को लेकर भी सुर्खियों में आए थे. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उन्होंने कर्नाटक की एक महिला से हिमाचल प्रदेश के अंजनघर महादेव मंदिर में शादी की थी. उनके निजी जीवन से जुड़े इस घटनाक्रम ने भी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा.

Latest news

Related news