नए घर को लेकर पति-पत्नी में विवाद, गुस्से में पति ने पत्नी की जान ले ली

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले अंतर्गत पाली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 09 शांति बस्ती में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मकान बनाने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने अपनी पत्नी के सिर पर कंक्रीट (सीमेंट) के डंबल से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

तड़के 4 से 5 बजे के बीच घटी घटना, मौके पर ही हुई मौत

प्राप्त विवरण के अनुसार, बुधवार तड़के लगभग 4 से 5 बजे के बीच आरोपी रमेश डोंगरे (40 वर्ष) और उसकी पत्नी बंधन कुंवर (39 वर्ष) के मध्य विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते गुस्साए पति ने घर में मौजूद सीमेंट के भारी डंबल से पत्नी के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। अत्यधिक चोट लगने और रक्तस्राव होने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

दोनों की थी दूसरी शादी, संतानहीन था दंपति

स्थानीय निवासियों के अनुसार मृतिका बंधन कुंवर और आरोपी रमेश डोंगरे दोनों की ही यह दूसरी शादी थी। पहली शादी से अलग होने के पश्चात दोनों साथ रह रहे थे। घर पर केवल पति-पत्नी ही रहते थे और उनकी कोई संतान नहीं थी। घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया।

मकान निर्माण के विवाद में दिया वारदात को अंजाम: पुलिस

मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि नया मकान बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच बहस हुई थी। इसी दौरान आवेश में आकर आरोपी ने सीमेंट के डंबल से हमला कर पत्नी की जान ले ली।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी ने कबूला जुर्म

पाली थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एफएसएल (FSL) की फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आरोपी रमेश डोंगरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Latest news

Related news