Hanuman Ansh Part 2 : 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने सिनेमाघरों में अपनी सफलता से पूरे देश में तहलका मचा दिया है. 7 अगस्त को रिलीज हुई यह फिल्म अब तक 170 करोड़ रुपये से अधिक का शानदार बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कर चुकी है. पहले पार्ट की ऐतिहासिक सफलता के बाद अब दर्शकों को इसके दूसरे और तीसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार है. ये फिल्म तीन हिस्सों में रीलीज करने की योजना है.
इसी बीच, फिल्म की प्रोड्यूसर नम्रता सिंह ने अगले पार्ट्स को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं, जिसमें विराट कोहली, अनुष्का शर्मा और स्टीव जॉब्स जैसे बड़े वैश्विक नामों के जुड़ने की जानकारी सामने आई है.
Hanuman Ansh Part 2:क्या विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का होगा कैमियो?
टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा की नीम करोली बाबा में गहरी आस्था किसी से छिपी नहीं है. दोनों अक्सर उत्तराखंड स्थित ‘कैंची धाम’ जाते रहते हैं.
बॉलीवुड हंगामा को दिए एक इंटरव्यू में जब प्रोड्यूसर नम्रता सिंह से पूछा गया कि क्या ‘हनुमान अंश 2’ में विराट-अनुष्का का कैमियो हो सकता है,तो उन्होंने सस्पेंस बरकरार रखते हुए कहा कि कुछ प्रमुख लोगों से संपर्क किया गया है. हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर नाम की पुष्टि नहीं की, लेकिन उनके इस जवाब से फैंस कयास लगा रहे हैं कि पावर कपल इस फिल्म के किसी पार्ट में नजर आ सकता है.
पार्ट 2 में दिखेगी भारतीय भक्तों की गाथा
नम्रता सिंह के अनुसार, फिल्म के दूसरे पार्ट में नीम करोली बाबा के प्रति भारतीय भक्तों की अटूट श्रद्धा और उनकी कहानियों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा. भारत में बाबा के लाखों भक्त हैं जिनकी जिंदगी पर उनके चमत्कारों और आध्यात्मिक ऊर्जा का गहरा असर पड़ा है.
पार्ट 3 में स्टीव जॉब्स और जुकरबर्ग की वैश्विक आस्था
फिल्म का तीसरा पार्ट नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक ऊर्जा के वैश्विक प्रभाव पर आधारित होगा. इसमें दिखाया जाएगा कि कैसे बाबा का आशीर्वाद भारत की सीमाओं को लांघकर पूरी दुनिया में फैला.
इस पार्ट में टेक और मनोरंजन जगत की दिग्गज हस्तियों का जिक्र होगा, जिन्होंने नीम करोली बाबा से प्रेरणा ली थी:
स्टीव जॉब्स (एप्पल के संस्थापक)
मार्क जुकरबर्ग (मेटा के संस्थापक)
जैक डोर्सी (ट्विटर के सह-संस्थापक)
जूलिया रॉबर्ट्स (हॉलीवुड अभिनेत्री)
170 करोड़ की कमाई से रचा इतिहास
महज 2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म की 170 करोड़ रुपये की कमाई ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हैरान कर दिया है. ‘हनुमान अंश’ की इस अभूतपूर्व सफलता ने यह साबित कर दिया है कि कंटेंट और आस्था का सही मिश्रण दर्शकों के दिलों को सीधे छूता है.

