दिल्ली लाल किला ब्लास्ट: NIA चार्जशीट में खुलासा, i20 बनी थी ‘कार बम’,ChatGPT से सीखा था रॉकेट बनाना

Red Fort Blast Case : राजधानी दिल्ली के लाल किला परिसर के पास हुए भीषण विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक विस्तृत और चौंकाने वाली चार्जशीट दाखिल की है. फॉरेंसिक जांच, डीएनए मैपिंग और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर दाखिल इस चार्जशीट में खुलासा हुआ है कि धमाके के लिए इस्तेमाल की गई हुंडई i20 (Hyundai i20) कार कोई साधारण गाड़ी नहीं, बल्कि एक ‘व्हीकल-बॉर्न इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस’ (VBIED) यानी चलती-फिरती कार बम थी.

Red Fort Blast Case:DNA जांच से खुली पोल,कार में मौजूद था उमर उन नबी

NIA की जांच के अनुसार, घटना स्थल से मिले मानव अवशेषों और नाक से लिए गए स्वैब नमूनों की डीएनए फिंगरप्रिंटिंग (DNA Fingerprinting) कराई गई. जांच में इन अवशेषों पर TATP और अमोनियम नाइट्रेट जैसे अत्यंत संवेदनशील केमिकल के निशान मिले हैं. डीएनए जांच से पुष्टि हुई है कि ये अवशेष उमर उन नबी के थे. इससे साफ होता है कि जब कार में विस्फोट हुआ, तब उमर उन नबी गाड़ी के अंदर ही मौजूद था.

रेड टेप वाले ‘कमांड मैकेनिज्म’ से किया गया ट्रिगर

जांच एजेंसी को कार के मलबे के पास से लाल रंग के टेप में लिपटा एक विशेष कमांड मैकेनिज्म बरामद हुआ है, जिस पर विस्फोटकों के अंश मिले हैं. NIA का दावा है कि इस कमांड मैकेनिज्म के जरिए ही IED को नियंत्रित और सटीक तरीके से एक्टिवेट (सक्रिय) किया गया था.

ChatGPT और YouTube से रॉकेट बनाने की ट्रेनिंग

चार्जशीट में आतंकी नेटवर्क के डिजिटल तरीकों पर भी बड़ा खुलासा हुआ है. मामले के एक अन्य आरोपी जसीर बिलाल वानी ने यूट्यूब (YouTube) और एआई टूल चैटजीपीटी (ChatGPT) के जरिए रॉकेट तैयार करने के तरीके सीखे थे.

चार्जशीट के मुताबिक, जसीर ने एक रॉकेट तैयार भी कर लिया था, हालांकि बाद में इसकी टेस्टिंग टाल दी गई थी. इसके अलावा, उमर उन नबी ने जसीर बिलाल वानी को हमले और निगरानी के मकसद से 2 ड्रोन भी मुहैया कराए थे.

नौगाम थाने में हुआ था भीषण हादसा

चार्जशीट में जम्मू-कश्मीर के नौगाम पुलिस स्टेशन (केस नंबर 162/2025) की घटना का भी विस्तृत विवरण दिया गया है. फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी के बाहर एक किराये के कमरे (आरोपी मुजम्मिल का ठिकाना) से केमिकल, लैब उपकरण, टाइमर और बैटरियां जब्त की गई थीं.

जब इन जब्त विस्फोटकों को जांच के लिए नौगाम पुलिस स्टेशन लाया गया, तो 14 नवंबर 2025 को थाना परिसर में अचानक एक जबरदस्त विस्फोट हो गया. इस हादसे में 9 पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 29 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे.

Latest news

Related news