Nora Fatehi मुंबई/गांधीनगर: बॉलीवुड अभिनेत्री और डांसर नोरा फतेही (Nora Fatehi) एक अनोखे कानूनी विवाद में फंस गई हैं. इस बार मामला किसी फिल्म, मनी लॉन्ड्रिंग या विवादित बयान से नहीं, बल्कि चार्टर्ड विमान को लेकर सोशल मीडिया पर किए गए कमेंट से जुड़ा है. एविएशन कंपनी Dunes Aviation ने नोरा फतेही के खिलाफ गांधीनगर कोर्ट में ₹3 करोड़ की सिविल मानहानि का मुकदमा दायर किया है. कंपनी का आरोप है कि नोरा ने उसके विमान को सोशल मीडिया वीडियो में ‘टॉय’ और ‘लेगो एयरप्लेन’ बताया, जिससे उसकी प्रतिष्ठा और कारोबार को नुकसान पहुंचा है.
NORA FATEHI SUED FOR ₹3 CRORE! #DunesAviation alleges her videos mocking a charter aircraft as a “toy” and “Lego” plane damaged its reputation and caused a 15–20% drop in bookings.
The company is seeking ₹3 crore, removal of the posts and an apology. #NoraFatehi pic.twitter.com/YTTLDaGlh7
— Smriti Sharmaa (@SmritiSharma_) September 8, 2026
Nora Fatehi और Dunes Aviation का क्या है पूरा विवाद?
मामला दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है. कोर्ट में दायर मुकदमे के मुताबिक, नोरा फतेही ने मुंबई से जयपुर की यात्रा के लिए Dunes Aviation के Cessna Citation CJ2 विमान का इस्तेमाल किया था. यात्रा के दौरान उन्होंने विमान के अंदर वीडियो बनाए और बाद में उन्हें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया.
कंपनी का आरोप है कि इन वीडियो में नोरा ने विमान को ‘miniature’, ‘toy’ और ‘Lego airplane’ जैसे शब्दों से संबोधित किया. Dunes Aviation का कहना है कि नोरा की सोशल मीडिया पहुंच बहुत बड़ी है और उनके करीब 4.6 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं ऐसे में उनकी टिप्पणी का कंपनी की छवि पर सीधा असर पड़ा.
कंपनी का दावा- 15 से 20 फीसदी तक घटी बुकिंग
Dunes Aviation ने अपने मुकदमे में दावा किया है कि नोरा फतेही की पोस्ट के बाद कंपनी को 15 से 20 प्रतिशत तक बुकिंग में गिरावट का सामना करना पड़ा. कंपनी के मुताबिक, कुछ ग्राहकों ने अपनी बुकिंग कैंसिल भी कराई.
कंपनी ने नोरा के कथित कमेंट्स को ‘लापरवाह’, ‘गैर-जिम्मेदाराना’ और बिना तकनीकी जानकारी या तथ्यात्मक पुष्टि के दिया गया बयान बताया है. उसका कहना है कि सोशल मीडिया पर अभिनेत्री की बड़ी फैन फॉलोइंग होने के कारण इन टिप्पणियों का व्यावसायिक प्रभाव काफी ज्यादा हुआ.
Dunes Aviation ने कोर्ट से क्या मांगा?
कंपनी ने गांधीनगर की अदालत में नोरा फतेही से ₹3 करोड़ के हर्जाने की मांग की है. इसके साथ ही कंपनी ने सोशल मीडिया से संबंधित पोस्ट और विमान को लेकर किए गए कथित आपत्तिजनक कंटेंट को हटाने तथा अभिनेत्री से सार्वजनिक स्पष्टीकरण दिलाने की मांग भी की है. मामले की सुनवाई 25 सितंबर 2026 को वरिष्ठ सिविल जज आर.अग्रवाल की अदालत में होनी है.
कंपनी बोली- विमान पूरी तरह वैध और DGCA से प्रमाणित
Dunes Aviation ने अदालत में यह भी कहा है कि जिस विमान को नोरा ने ‘टॉय’ और ‘लेगो एयरप्लेन’ कहा, वह कोई असुरक्षित या अवैध विमान नहीं था. कंपनी के मुताबिक, Cessna Citation CJ2 विमान DGCA से प्रमाणित, एयरवर्दी और वैध परमिट के तहत संचालित था. कंपनी ने यह भी दावा किया कि विमान संबंधित यात्रा के लिए मानक और उपयुक्त था.
सेलिब्रिटी रिव्यू और सोशल मीडिया की जिम्मेदारी पर बहस
नोरा फतेही का यह मामला एक बड़े सवाल को भी सामने लाता है—क्या किसी सेलिब्रिटी को सोशल मीडिया पर किसी ब्रांड या सर्विस का अनुभव साझा करते समय ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए?
किसी बड़े स्टार के सोशल मीडिया पोस्ट की पहुंच लाखों-करोड़ों लोगों तक होती है. ऐसे में किसी कंपनी, होटल, एयरलाइन, रेस्टोरेंट या प्रोडक्ट को लेकर किया गया नकारात्मक कमेंट महज व्यक्तिगत राय न रहकर व्यावसायिक प्रभाव पैदा कर सकता है.
दूसरी तरफ, किसी ग्राहक या सेलिब्रिटी को अपने वास्तविक अनुभव और राय रखने का अधिकार भी है. ऐसे मामलों में असली सवाल यह बनता है कि टिप्पणी व्यक्तिगत अनुभव और राय तक सीमित थी या उसने कंपनी के बारे में कोई ऐसा तथ्यात्मक दावा किया जिससे उसकी प्रतिष्ठा और कारोबार को नुकसान पहुंचा.
फिलहाल नोरा फतेही के खिलाफ दायर ₹3 करोड़ का मानहानि मुकदमा अदालत में विचाराधीन है और 25 सितंबर की सुनवाई के बाद मामले की दिशा और स्पष्ट हो सकती है.

