रायपुर: देशभर में जारी मानसून के बीच मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज अंधड़ को लेकर अलर्ट जारी किया है। राज्य में अगले कुछ घंटों के दौरान मूसलाधार बारिश के साथ-साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है।
हवा की रफ्तार 65 किमी प्रति घंटे रहने की आशंका
मौसम विभाग ने बलरामपुर, सरगुजा, मनेंद्रगढ़, सूरजपुर, रायपुर, बिलासपुर, धमतरी, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, कोरबा और महासमुंद समेत कई जिलों में मौसम के मिजाज में बड़े बदलाव की चेतावनी दी है। इस दौरान आंधी चलने और हवा की गति लगभग 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
सुरक्षा को लेकर मौसम विभाग की एडवाइजरी
तेज गरज-चमक और वज्रपात की आशंका को देखते हुए प्रशासन और मौसम विशेषज्ञों ने नागरिकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के समय खुले मैदानों, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाकर रखें। आंधी के कारण पेड़ों की टहनियां टूटने और सड़क किनारे खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचने का खतरा है।
बलरामपुर में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, नदियां उफान पर
गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बने दबाव के क्षेत्र के कारण उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में लगातार झमाझम बारिश हो रही है। सर्वाधिक वर्षा बलरामपुर जिले में दर्ज की गई है, जहाँ चांदो में 150 मिमी और रामचंद्रपुर में 120 मिमी पानी गिरा है। लगातार हो रही इस बारिश से धान की फसलों को लाभ पहुँचा है, जबकि सब्जी की खेती करने वाले किसानों की चिंता बढ़ गई है। उधर, दुर्ग में शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ने से महमरा एनिकट पर पानी की चादर चल रही है, जिसके चलते जल संसाधन विभाग को 12 गेट खोलने पड़े हैं।

