IndiGo Flight Emergency Landing: दोहा से बेंगलुरु जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E 1302 को गुरुवार सुबह अचानक मस्कट डायवर्ट करना पड़ा. उड़ान के दौरान पायलट की तबीयत बिगड़ने के बाद विमान की मस्कट एयरपोर्ट पर एहतियाती और सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. लैंडिंग के तुरंत बाद पायलट को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनकी हालत ठीक बताई जा रही है.
IndiGo Flight Emergency Landing:उड़ान के दौरान अचानक बिगड़ी पायलट की तबीयत
जानकारी के मुताबिक, IndiGo की फ्लाइट 6E 1302 दोहा से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई थी. विमान हवा में था, तभी पायलट की अचानक तबीयत खराब हो गई. स्थिति को देखते हुए विमान को बेंगलुरु के बजाय मस्कट की ओर डायवर्ट करने का फैसला लिया गया.
मस्कट एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पायलट को तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
पायलट की तबीयत खराब होने के कारण मस्कट में विमान की लैंडिंग के बाद यात्रियों की आगे की यात्रा प्रभावित न हो, इसके लिए IndiGo ने वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है.
एयरलाइन की ओर से यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से मस्कट के लिए दूसरा विमान और नई क्रू टीम भेजने की व्यवस्था की गई है. नई फ्लाइट और क्रू के जरिए यात्रियों को उनके अंतिम गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा.
यात्रियों को हुई असुविधा के लिए एयरलाइन की ओर से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है.
एक ही दिन विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की दूसरी घटना
इसी बीच गुरुवार सुबह उत्तर प्रदेश में भी एक यात्री विमान को एहतियात के तौर पर डायवर्ट करना पड़ा. वाराणसी से दिल्ली जा रही Air India की फ्लाइट को विमान के पिछले हिस्से में स्थित आफ्ट कार्गो कंपार्टमेंट में स्मोक इंडिकेशन मिलने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया.
फ्लाइट ने करीब 8:52 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की. विमान में 155 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे और सभी सुरक्षित बताए गए हैं.
जांच में नहीं मिला धुआं
लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान के पहुंचते ही इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम को अलर्ट कर दिया गया. टीम ने विमान का तत्काल विजुअल इंस्पेक्शन किया. जांच के दौरान विमान के अंदर या आफ्ट कार्गो कंपार्टमेंट में कहीं भी धुआं दिखाई नहीं दिया.
इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क किया गया. करीब 9:02 बजे यात्रियों और क्रू सदस्यों को विमान से उतारने की प्रक्रिया शुरू हुई. सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
फिलहाल विमान की तकनीकी जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

