रुद्रपुर में सीएम धामी ने छात्रों से ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ के तहत मांगे सुझाव, कहा- अच्छे सुझाव बनेंगे सरकारी नीतियों का हिस्सा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को रुद्रपुर के जेसीज पब्लिक स्कूल में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ Yuva Vidyarthi Manthan कार्यक्रम में शिरकत की. इस अनूठे संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित करना और उत्तराखंड के समग्र विकास, शिक्षा सुधार, स्टार्टअप और रोजगार सृजन पर उनके बहुमूल्य सुझाव जानना था. कार्यक्रम में जिले भर के करीब 800 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया.

Yuva Vidyarthi Manthan: सरकारी नीतियों का हिस्सा बनेंगे छात्रों के सुझाव

छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवा ही उत्तराखंड का भविष्य हैं और उनके विचार राज्य को देश का अग्रणी राज्य बनाने में मील का पत्थर साबित होंगे. उन्होंने आश्वस्त किया कि मंथन के दौरान छात्रों द्वारा दिए गए बेहतरीन और व्यावहारिक सुझावों को सरकार अपनी आगामी नीतियों और योजनाओं में शामिल करेगी.

2.67 लाख से अधिक छात्रों ने साझा किया विजन

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विजन के तहत शुरू किए गए इस महाअभियान में राज्यभर के कक्षा 11वीं और 12वीं के 2.67 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने विचार साझा किए हैं. छात्रों ने पर्यटन, पर्यावरण, रोजगार, तकनीक और आधुनिक शिक्षा जैसे 8 प्रमुख विषयों पर निबंध के रूप में अपना रोडमैप सरकार के सामने रखा है.

मेधावियों को बड़ी सौगात: कोचिंग का खर्च उठाएगी सरकार

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर युवाओं के लिए बड़ी घोषणाएं कीं. अभियान के तहत सर्वश्रेष्ठ विजन और सुझाव देने वाले 140 मेधावी छात्रों को सरकार की ओर से NEET, JEE, CLAT और SAT जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग की सुविधा दी जाएगी। इसका पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी.

एक दिन के लिए DM और SP बनेंगे टॉपर्स

छात्रों में प्रशासनिक नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री ने एक और अभिनव पहल की घोषणा की. अब हर जिले के कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को एक दिन के लिए जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP/SP) के रूप में कार्य करने का अवसर मिलेगा. इससे छात्रों को शासन-प्रशासन के कामकाज को करीब से समझने का मौका मिलेगा.

ये भी पढ़ें-कानपुर में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, दोनों पायलट की मौत, गंगा बैराज के पास हुआ हादसा

Latest news

Related news