मिठाई की दुकान में बड़ी लापरवाही, चाशनी में मिला कॉकरोच; 2 क्विंटल मिठाई फेंकी गई

शिमला। त्यौहारों के मौसम को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग ने खाद्य पदार्थों में मिलावट और गंदगी के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। विभाग की टीम ने बालूगंज बाजार में विभिन्न दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक छापेमारी की। इस दौरान एक मशहूर मिठाई की दुकान में गुलाब जामुन की चाशनी के भीतर कॉकरोच तैरते पाए गए, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

दो क्विंटल दूषित मिठाई करवाई नष्ट

गंभीर लापरवाही और सेहत के लिए भारी जोखिम को देखते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही सख्त कदम उठाया। विभाग ने स्वच्छता मानकों पर खरी न उतरने वाली करीब दो क्विंटल मिठाई को तुरंत जब्त कर नष्ट करवा दिया। इसके साथ ही दुकान संचालक को खाद्य पदार्थों की शुद्धता और परिसर की साफ-सफाई को लेकर कड़ी हिदायत जारी की गई।

प्रयोगशाला भेजे गए 7 संदिग्ध सैंपल

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने गुणवत्ता की गहराई से जांच के लिए कलर्ड रसगुल्ला, बर्फी, मिल्क केक और देसी घी समेत कुल सात सैंपल सील किए हैं। इन सभी नमूनों को परीक्षण के लिए लैब भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोलन में भी सैंपलिंग अभियान तेज, सोलन कंडाघाट लैब भेजे गए नमूने

आगामी रक्षाबंधन पर्व के चलते विभाग ने निगरानी का दायरा बढ़ा दिया है। सोलन शहर में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न दुकानों का निरीक्षण कर खुले पनीर, बेसन की बर्फी और दूध के 4 सैंपल एकत्र किए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट भेजा गया है। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Latest news

Related news