लुधियाना:लुधियाना के हैबोवाल थाना क्षेत्र स्थित हरगोबिंद नगर में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी विवाद के चलते एक युवक ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी।
दोस्त ने की दोस्त की हत्या
मृतक की पहचान 40 वर्षीय जतिंदर राजपूत के रूप में हुई है, जो कपड़ों पर प्रिंटिंग का काम करने वाली एक फैक्टरी के मालिक थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जतिंदर शुक्रवार रात अपनी फैक्टरी की पहली मंजिल पर अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच अचानक तीखी बहस और विवाद शुरू हो गया।
तेजधार हथियार से हमला
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी ने पास ही रखे एक तेजधार हथियार से जतिंदर की गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। अत्यधिक खून बह जाने के कारण जतिंदर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपना मोबाइल फोन बंद करके मौके से फरार हो गया। इस घटना का खुलासा शनिवार सुबह हुआ जब मृतक का भाई फैक्टरी पहुंचा और उसने शव को खून से लथपथ हालत में देखा।
पुलिस जांच और फॉरेंसिक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही हैबोवाल थाना प्रभारी जसवीर सिंह पुलिस बल और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया गया है। शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश और नशे की हालत में उपजे विवाद का लग रहा है। पुलिस ने फैक्टरी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने के लिए सर्विलांस टीम को भी सक्रिय कर दिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

