UP-Japan Partnership लखनऊ, 20 अगस्त : उत्तर प्रदेश और जापान के बीच आर्थिक एवं संस्थागत सहयोग को नई दिशा देने के लिए शुक्रवार का दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है. जापानी प्रतिनिधिमंडल की उत्तर प्रदेश यात्रा के तीसरे दिन लखनऊ में निवेश, उद्योग, कृषि, शिक्षा, पर्यटन, हेल्थकेयर, MSME और महिला सशक्तीकरण जैसे क्षेत्रों पर व्यापक संवाद होगा.
दिन की शुरुआत जापानी प्रतिनिधिमंडल की उत्तर प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात से होगी. इसके बाद इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में चार प्रमुख सेक्टोरल सत्र आयोजित किए जाएंगे. इन सत्रों में उत्तर प्रदेश और जापान के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा के साथ भविष्य की साझेदारी का रोडमैप तैयार किया जाएगा.
कार्यक्रम के समापन सत्र को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे.
UP-Japan Partnership:राज्यपाल और सीएम योगी से मुलाकात से होगी शुरुआत
जापानी प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार सुबह राजभवन पहुंचकर राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात करेगा. इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर प्रतिनिधिमंडल की बैठक प्रस्तावित है.
इन उच्चस्तरीय मुलाकातों में दोनों पक्षों के बीच निवेश, उद्योग और सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा होगी. उत्तर प्रदेश सरकार जापानी प्रतिनिधियों को प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश संभावनाओं और अलग-अलग सेक्टर में उपलब्ध अवसरों से भी अवगत कराएगी.
जापानी विद्यार्थी देखेंगे यूपी का आधुनिक शिक्षा मॉडल
जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ आए 15 विद्यार्थियों के लिए मोहनलालगंज स्थित अटल विद्यालय का दौरा भी प्रस्तावित है. इन विद्यार्थियों के साथ इन्वेस्ट यूपी के अधिकारी मौजूद रहेंगे.
इस दौरान जापानी विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और राज्य में विकसित किए जा रहे आधुनिक शैक्षणिक मॉडल को करीब से समझने का अवसर मिलेगा.
1090 महिला हेल्पलाइन को समझेंगी जापानी महिला प्रतिनिधि
जापान से आईं 15 महिला प्रतिनिधियों के लिए महिला सुरक्षा से जुड़ा विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा.
महिला एवं बाल कल्याण विभाग के मंत्री के साथ बैठक के बाद जापानी महिला प्रतिनिधिमंडल लखनऊ स्थित 1090 वीमेन हेल्पलाइन का दौरा करेगा. यहां एडीजी की ओर से महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा.
यह कार्यक्रम तकनीक आधारित महिला सुरक्षा और सहायता प्रणाली के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण मंच बन सकता है.
ODOP से स्टार्टअप तक दिखेगी उत्तर प्रदेश की ताकत
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में Exhibition and ODOP Experience Centre जापानी प्रतिनिधिमंडल के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा.
यहां यूपीनेडा, पर्यटन, शिक्षा, इन्वेस्ट यूपी, श्रम, आईटी एवं स्टार्टअप, ODOP और कौशल विकास से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे.
इसके अलावा जापानी कंपनियों के साथ AKTU, IIT-BHU और IIT कानपुर जैसे प्रमुख संस्थान भी अपनी क्षमताओं और संभावित सहयोग के क्षेत्रों को प्रदर्शित करेंगे.
इस प्रदर्शनी के जरिए जापानी प्रतिनिधियों को एक ही स्थान पर उत्तर प्रदेश के उत्पादों, तकनीक, स्टार्टअप, शिक्षा और निवेश के अवसरों की जानकारी मिलेगी.
कृषि, पर्यटन, हेल्थकेयर और MSME पर चार सेक्टोरल सत्र
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में चार समानांतर सेक्टोरल सत्र आयोजित होंगे.इनका उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों में UP-Japan Partnership को आगे बढ़ाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करना है।
1. कृषि और फूड प्रोसेसिंग
‘From Gate to Global Plate’ सत्र में उत्तर प्रदेश के कृषि और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को वैश्विक बाजार से जोड़ने की संभावनाओं पर चर्चा होगी। जापानी तकनीक, निवेश और विशेषज्ञता के जरिए कृषि क्षेत्र में वैल्यू एडिशन पर भी मंथन होगा।
2. जापानी पर्यटन
Japanese Tourism सत्र में उत्तर प्रदेश और जापान के बीच पर्यटन सहयोग तथा पर्यटकों के आदान-प्रदान को बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
3. हेल्थकेयर और केयर इकोनॉमी
UP-Japan Healthcare and Care Economy Partnership सत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और केयर इकोनॉमी में सहयोग के नए अवसर तलाशे जाएंगे।
4. MSME साझेदारी
Japan-UP MSME Partnership Forum में उत्तर प्रदेश के विशाल MSME नेटवर्क और जापानी तकनीक, निवेश एवं विशेषज्ञता के बीच तालमेल पर चर्चा होगी।
इन चारों सत्रों में संभावित निवेश और कारोबारी साझेदारी को क्षेत्रवार आगे बढ़ाने के लिए रोडमैप तैयार करने पर जोर रहेगा।
MoU Exchange से साझेदारी को मिलेगा संस्थागत आधार
लखनऊ में विधानसभा में MoU Exchange के लिए बैठक भी प्रस्तावित है। इससे जापान और उत्तर प्रदेश के बीच संभावित सहयोग को औपचारिक एवं संस्थागत आधार मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री और यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर के बीच भी बैठक प्रस्तावित है। यह मुलाकात ऊर्जा क्षेत्र में संभावित सहयोग की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मजबूत होंगे रिश्ते
आर्थिक और औद्योगिक संवाद के साथ सांस्कृतिक जुड़ाव को भी कार्यक्रम में विशेष स्थान दिया गया है। दोपहर बाद रंग भारती की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके बाद इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में वेलेडिक्टरी सेशन आयोजित होगा। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जापानी प्रतिनिधिमंडल, उद्यमियों, अधिकारियों और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम के बाद नेटवर्किंग हाई-टी का आयोजन होगा, जहां जापानी प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों के बीच अनौपचारिक संवाद का अवसर मिलेगा।
दिन का समापन मुख्यमंत्री आवास पर डिनर के साथ होगा।
निवेश से आगे बढ़कर दीर्घकालिक साझेदारी पर फोकस
उत्तर प्रदेश-जापान संवाद का यह चरण केवल निवेश प्रस्तावों तक सीमित नहीं दिखाई दे रहा है। सरकार का जोर उद्योग, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, MSME, तकनीक और महिला सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में दीर्घकालिक सहयोग विकसित करने पर है।
लखनऊ में होने वाले सेक्टोरल सत्रों और प्रस्तावित MoU के जरिए यदि कारोबारी एवं संस्थागत सहयोग को ठोस रूप मिलता है, तो इससे उत्तर प्रदेश में जापानी निवेश और तकनीकी साझेदारी के नए अवसर खुल सकते हैं।

