Tata Sons AGM Adjourned : टाटा समूह (Tata Group) की होल्डिंग कंपनी टाटा संस की वार्षिक आम बैठक (Annual General Meeting – AGM) को मंगलवार को स्थगित कर दिया गया है. 100 से अधिक वर्षों के इतिहास में यह पहला मौका है जब टाटा संस को अपनी एजीएम टालने का फैसला लेना पड़ा है.
मिली जानकारी के अनुसार, बैठक स्थगित होने का मुख्य कारण ‘कोरम’ (Quorum – सदस्यों की न्यूनतम आवश्यक संख्या) का पूरा न होना रहा.
Tata Sons AGM Adjourned:मीटिंग टालने की क्या रही मुख्य वजह ?
सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को आयोजित इस बैठक में नियमानुसार जितने सदस्यों और शेयरधारकों की मौजूदगी आवश्यक थी, वह संख्या पूरी नहीं हो सकी। कंपनी मामलों के नियमों के अनुसार, किसी भी एजीएम को वैध मानने के लिए एक निश्चित संख्या में सदस्यों (कोरम) का मौजूद होना अनिवार्य होता है।
हालाँकि, उद्योग जगत में पहले से ही इस बात की संभावना जताई जा रही थी कि बैठक स्थगित हो सकती है, और अंततः कोरम की कमी के कारण इस पर आधिकारिक मुहर लग गई।
100 सालों के इतिहास में पहली बार बना ऐसा संयोग
टाटा संस की स्थापना और इसके लंबे व्यापारिक इतिहास में ऐसा कभी नहीं देखा गया कि कोरम पूरा न होने के कारण वार्षिक आम बैठक को आगे बढ़ाना पड़ा हो. यही वजह है कि कॉरपोरेट जगत में इस घटनाक्रम को काफी दुर्लभ और महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
क्या होता है कोरम? कंपनी अधिनियम के तहत, किसी भी कंपनी की शेयरधारकों की बैठक (AGM/EGM) को शुरू करने और निर्णय लेने के लिए शेयरधारकों/सदस्यों की एक न्यूनतम उपस्थिति अनिवार्य होती है। यदि यह न्यूनतम संख्या तय समय तक पूरी नहीं होती, तो बैठक को स्थगित (Adjourn) कर दिया जाता है.
आगे क्या होगा?
नियमों के अनुसार, एजीएम के स्थगित होने के बाद अब टाटा संस द्वारा अगली बैठक की तारीख और समय का नया नोटिस जारी किया जाएगा। अगली बैठक में पूर्व निर्धारित एजेंडे पर चर्चा की जाएगी और आवश्यक प्रस्तावों को मंजूरी दी जाएगी।
कारोबारी जगत और निवेशकों की नजरें अब टाटा संस द्वारा घोषित की जाने वाली नई एजीएम की तारीख पर टिकी हैं।

